रामनगरी अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच अगस्त को करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर देश के साथ विदेश में भी असीम उल्लास का माहौल है। देश तथा प्रदेश में आज तथा कल दीपावली जैसा माहौल रहेगा। मंगलवार की शाम से ही प्रदेश जगमग हो जाएगा और कल रात तक रहेगा। इस कारण अब राम नगरी में भी कौतुहल चरम पर है। रामजन्मभूमि पर राममंदिर के लिए भूमिपूजन तो बुधवार को होगा, लेकिन यह खुशी अयोध्या के साथ-साथ देशभर में मंगलवार से छा गई है।
राम की पैड़ी दीपोत्सव के लिए तैयार हो गई है। अवध विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने राम की पैड़ी पर दीपों को बिछा दिया है। लगभग डेढ़ लाख दीपों से राम की पैड़ी जगमगाएगी। आज और कल(पांच अगसत) दो दिन दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसके साथ ही अयोध्या धाम के 50 स्थानों पर भी दीप जलाए जाएंगे। साथ ही स्थानीय लोग भी अपने घरों में दीप जलाएंगे।