उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां तीन सगी बहनों ने नौवीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर ली. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस के मुताबिक इन्हें ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी, परिजनों ने जब उन्हें गेम खेलने से मना किया तो उन्होंने ये ख़तरनाक कदम उठा लिया.
ये घटना गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ में स्थित भारत सिटी सोसाइटी की बताई जा रही है. ये तीनों बहनें भारत सिटी के टॉवर नंबर B1 के फ्लैट नंबर 907 में रहती थीं. इनकी उम्र 16 साल, 14 और 12 साल बताई जा रही हैं. तीनों बहनों को ऑनलाइन गेम खेलने की आदत थी, वो अक्सर अपना सारा वक्त गेम खेलने में ही बिताती थी,
ऑनलाइन गेम की लत बनी जानलेवा
मंगलवार की रात को भी वो ऑनलाइन गेम खेल रही थी, परिजनों ने जब उनसे ये गेम खेलने से मना किया तो वो नहीं मानी और नाराज हो गई. इसके बाद जब परिजन कमरे से बाहर चले गए तो तीनों ने गुस्से में अपार्टमेंट की नौंवी मंजिल से छलांग लगा थी. जिससे उनकी मौत हो गई.
तीन सगी नाबालिग बहनों ने की आत्महत्या
परिवार में एक साथ तीनों नाबालिग बहनों की मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनका रो-रोकर बुरा हाल है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मौके पर आसपास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए.
मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बहनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक़ तीनों ने आत्महत्या क्यों की इसकी वजह साफ़ नहीं हो सकी हैं. कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है. परिजनों का कहना है कि उन्हें ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी, घटना की रात परिजनों ने उनसे गेम खेलने से मना किया था.

