Suvendu Adhikari Oath Ceremony : पश्चिम बंगाल में प्रचंड जीत के बाद आज (रविवार को) बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का राजतिलक हो गया। कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में हजारों लोगों के बीच शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शुभेंदु अधिकारी ने शपथ से पहले ही साफ कर दिया था कि अब बंगाल में मैं नहीं हम सब मिलकर सरकार चलाएंगे।
बता दें कि करीब 6 साल पहले बंगाल बीजेपी में शुभेंदु अधिकारी की एंट्री हुई थी। गृहमंत्री अमित शाह ने खुद उनका हाथ पकड़कर उन्हें बीजेपी में शामिल कराया था और 2026 में शुभेंदु बंगाल में बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा बन गए। शुभेंदु अधिकारी बंगाल में बीजेपी के जायंट किलर हैं, जिन्होंने दो बाद लगातार सीटिंग सीएम ममता बनर्जी को चुनावों में मात दी है। 2021 में नंदीग्राम में उन्हें हराया और 2026 में भवानीपुर में शिकस्त दी, इसलिए उनकी ताजपोशी भी ऐतिहासिक रही।
शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में खुद पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, NDA शासित राज्यों के सीएम समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए। शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के 9वें और बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बने हैं।
दूसरी तरफ, तमिलनाडु में TVK चीफ विजय की शपथ पर ग्रहण लग गया है। बहुमत के लिए जरूरी 118 विधायकों से 2 विधायक कम हैं। VCK के समर्थन पर सस्पेंस है। वहीं, AMMK चीफ दिनाकरन ने राज्यपाल को चिट्ठी दी है। AMMK चीफ दिनाकरन ने TVK के खिलाफ चेन्नई पुलिस से जालसाजी की शिकायत की। TVK पर अपने इकलौते विधायक के फर्जी दस्तखत वाला पत्र गवर्नर को सौंपने का आरोप लगाया। फिर, TVK ने जवाब में वीडियो जारी किया, जिसमें AMMK विधायक कामराज समर्थन पत्र लिखते नजर आए। पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के शपथग्रहण और तमिलनाडु की राजनीति से जुड़ा हर अपडेट यहां जानें।
दिलीप घोष को दिलाई गई मंत्री पद की शपथ
दिलीप घोष को भी कोलकाता में मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। दिलीप घोष, पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर सदर से जीते हैं। उन्होंने 7 बार के विधायक ज्ञान सिंह सोहनपाल को हराया है। उन्होंने जमीनी स्तर तक संगठन को मजबूत किया। उनकी जंगलमहल और नॉर्थ बंगाल में मजबूत पकड़ है। वह बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
बंगाल में 5 मंत्रियों ने भी ली शपथ
शुभेंदु अधिकारी के बाद 5 अन्य बीजेपी नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। निशिथ प्रमाणिक, अग्निमित्रा पॉल, दिलीप घोष, अशोक कीर्तनिया और खुदीराम टुडु को राज्यपाल ने मंत्री पद की शपथ दिलाई।
शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने शुभेंदु अधिकारी को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। बंगाल में पहली बार BJP का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है। इस मौके पर मंच पर पीएम मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं।
PM मोदी ने माखनलाल सरकार को किया सम्मानित
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में BJP के वरिष्ठतम कार्यकर्ताओं में से एक माखनलाल सरकार को सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद लिया। 1952 में, भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में रहे माखनलाल सरकार को गिरफ्तार कर लिया गया था। 98 साल की उम्र में भी माखनलाल सरकार, भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती ग्राउंड लेवल के नेताओं में से एक हैं।
बंगाल के विकास को करेंगे सुनिश्चित- रूप गांगुली
BJP की नवनिर्वाचित विधायक रूपा गांगुली ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता के लिए यह बहुत बड़ा दिन है। उन्होंने बीजेपी पर अपना विश्वास जताया है, और हम राज्य के विकास को सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे पीएम मोदी
सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी भी पहुंच गए हैं। वह, शुभेंदु अधिकारी के साथ गाड़ी पर सवार होकर मंच तक पहुंचे। इस दौरान, पीएम मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने दोनों हाथों से लोगों का आभार जताया।
कोलकाता पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
PM मोदी भी शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में प्रधानमंत्री मोदी, कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है। इसके बाद, शुभेंदु अधिकारी बंगाल के सीएम पद की शपथ लेंगे।
होटल से शपथ समारोह के लिए रवाना हुए गृहमंत्री शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए होटल से रवाना हुए। सुबह 11 बजे शुभेंदु अधिकारी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेंगे।
पश्चिम बंगाल का भी विकास होगा- नागालैंड सीएम
पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता में नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो भी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आप राज्य में बदलाव देखेंगे। पश्चिम बंगाल का भी विकास होगा।
मुख्यमंत्री नायडू भी कोलकाता पहुंचे
केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंचे। PM मोदी समेत कई बड़ी हस्तियां इस समारोह में शामिल होने कोलकाता पहुंची हैं।
शपथ समारोह के लिए रवाना हुए सुवेंदु अधिकारी
Suvendu Adhikari, आज सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह अपने आवास से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए हैं। उसने पहले ही बड़ी संख्या में भीड़ ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पहुंच गई है। भगवा कपड़े पहने कई लोग नजर आ रहे हैं।
रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के दिन शपथग्रहण ऐतिहासिक
BJP राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि बंगाल में एक नई सरकार का गठन हो रहा है, जो सभी के कल्याण के लिए समर्पित है। यह एक ऐतिहासिक परिवर्तन है। इस मौके पर हमारे प्रधानमंत्री उपस्थित रहेंगे और महत्वपूर्ण बात यह है कि शपथ ग्रहण समारोह 25 बैसाख के दिन हो रहा है, जो रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है।
कोलकाता: शपथ समारोह में पहुंच रही भारी भीड़
शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में पब्लिक पहुंचना शुरू हो गई है। यहां बड़ी संख्या में भगवाधारी लोग, विदेश से आए लोग, आशा वर्कर महिलाएं और मजदूर संघ के लोग इस ऐतिहासिक शपथ समारोह में पहुंच रहे हैं। ग्राउंड के चारों तरफ पीएम मोदी और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बैनर कटआउट लगाए गए हैं।
सुभेंदु अधिकारी के आवास के बाहर कड़े सुरक्षा इंतजाम
सुभेंदु अधिकारी के आवास के बाहर पुलिस के कड़े सुरक्षा इंतजाम हैं। पश्चिम बंगाल BJP विधायक दल के नेता सुभेंदु अधिकारी आज भारत की स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
हम बहुत खुश हैं कि शुभेंदु अधिकारी हमारे मुख्यमंत्री हैं: अग्निमित्रा पॉल
बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा, ‘हम बहुत खुश हैं कि शुभेंदु अधिकारी हमारे मुख्यमंत्री हैं। उन्हें बीजेपी के 207 विधायकों ने सर्वसम्मति से चुना और नामित किया है। वह पूरी तरह इस पद के योग्य हैं, क्योंकि पिछले 5 वर्षों में उन्होंने विधानसभा के अंदर और बाहर जिस तरह संघर्ष किया है, वह सराहनीय है।’
देश में कांग्रेस नहीं रही और बंगाल में TMC भी नहीं रहेगी: दिलीप घोष
बीजेपी के निर्वाचित विधायक दिलीप घोष ने कहा, ‘बहुत लंबे समय तक हमें तपस्या करनी पड़ी लेकिन उसका परिणाम आया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा हुआ। देश में कांग्रेस नहीं रही और बंगाल में TMC भी नहीं रहेगी। जिस तरह बंगाल में उन्होंने सत्ता का दुरुपयोग किया, लोगों का उत्पीड़न किया उसका जवाब जनता ने दिया है और भाजपा को चुना।’ (ANI)
शुभेंदु अधिकारी के घर के बाहर दिखी चहल-पहल
पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी आज आज़ादी के बाद पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। यह वीडियो अधिकारी के घर के बार का है।
शपथग्रहण समारोह में दिखेगी बंगाली संस्कृति की झलक
शुभेंदु अधिकारी के शपथग्रहण समारोह में बंगाली संस्कृति की झलक दिखेगी। समारोह में शामिल होने के लिए मशहूर डांसर और एक्ट्रेस ममता शंकर, लेखक, कलाकार और फिल्मी हस्तियों को आमंत्रित किया है। इनके अलावा कई रिटायर्ड जज इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही, बंगाल के प्रतिष्ठित परिवार, बंगाल की जानी-मानी हस्तियों और अनुभवी राजनेताओं के परिवार को न्योता दिया गया है।
PM मोदी समेत कई दिग्गज शपथ समारोह में होंगे शामिल
शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और बीजेपी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बंगाल में BJP ने 294 में से 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यह बंगाल में बीजेपी सरकार का ऐतिहासिक मौका है।
VVIP मूवमेंट के लिए करीब 4 हजार पुलिसकर्मी तैनात
कोलकाता में VVIP मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ब्रिगेड मैदान के आस-पास की ऊंची इमारतों से निगरानी की जाएगी। VVIP की सेफ्टी पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा।
शपथ समारोह में हैं सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड को 35 सेक्टर्स में बांटा है। कुछ सेक्टरों को मिलाकर एक ब्लॉक बनाया गया है। एक ब्लॉक में एक IPS रैंक का अधिकारी सुरक्षा का इंचार्ज होगा। कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंदा खुद पूरी सिक्योरिटी के इंचार्ज हैं।
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथग्रहण की तैयारी पूरी
शुभेंदु अधिकारी का शपथ समारोह रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती के मौके पर होने जा रहा है। इस मौके को बंगाल बीजेपी के लिए ऐतिहासिक बनाने जा रही है। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में 50 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाई गई हैं। समारोह में शामिल होने वालों के आने के लिए 20 एंट्री गेट तैयार किए गए हैं।

