Saudi Arabia Attack: खाड़ी देशों में युद्ध के बादल और गहरे होते जा रहे हैं. मंगलवार की रात सऊदी अरब के पूर्वी शहर जुबैल (Jubail) में एक बड़े पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स पर जोरदार हमला हुआ. इस हमले के बाद इलाके में तेज धमाके सुनाई दिए और आसमान में आग की लपटें उठती देखी गईं. यह हमला ठीक उसी समय हुआ है जब कुछ ही घंटों पहले ईरान के तेल ठिकानों को निशाना बनाया गया था.
यह हमला सऊदी अरब की मशहूर कंपनी ‘साहबिक’ (SABIC) के प्लांट पर हुआ है. चश्मदीदों का कहना है कि धमाके इतने तेज थे कि पूरा इलाका दहल गया और देखते ही देखते प्लांट के एक हिस्से में भीषण आग लग गई. बता दें कि जुबैल दुनिया के सबसे बड़े औद्योगिक शहरों में से एक है, जहाँ बड़े पैमाने पर स्टील, पेट्रोल, लुब्रिकेंट्स और खाद का उत्पादन होता है.
7 मिसाइलें मार गिराईं, लेकिन गिरा मलबा
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने पूर्वी क्षेत्र की ओर आती हुई 7 बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच हवा में ही मार गिराया. हालांकि, इन मिसाइलों का मलबा बिजली घरों और आसपास की सुविधाओं पर गिरा है. अधिकारी अभी इस बात की जांच कर रहे हैं कि इससे कुल कितना नुकसान हुआ है.
ईरान और इजरायल के बीच छिड़ी जंग का असर?
यह हमला तब हुआ जब महज एक दिन पहले इजरायल ने ईरान के सबसे बड़े पेट्रोकेमिकल प्लांट ‘असालुयेह’ पर “शक्तिशाली हमले” की जिम्मेदारी ली थी. ईरान में भी कई धमाकों की खबरें आई थीं. जानकारों का मानना है कि दोनों तरफ के ऊर्जा ठिकानों (Energy Infrastructure) को निशाना बनाए जाने से पूरी दुनिया में तेल की सप्लाई चैन पर खतरा मंडराने लगा है.
सुरक्षा के लिहाज से बंद किया गया ‘किंग फहद कॉजवे’
हमले के बाद पैदा हुए खतरे को देखते हुए सऊदी अधिकारियों ने बहरीन को जोड़ने वाले 25 किलोमीटर लंबे मशहूर ‘किंग फहद कॉजवे’ (King Fahd Causeway) पुल पर ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया है. प्रशासन ने बयान जारी कर कहा कि एहतियात के तौर पर गाड़ियों की आवाजाही बंद की गई है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके.
सऊदी अरब ने ईरान पर मढ़ा आरोप
सऊदी अरब ने इस पूरी तबाही के लिए सीधे तौर पर ईरान को जिम्मेदार ठहराया है. सऊदी का कहना है कि फरवरी के आखिर में इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हमलों के बाद से ईरान बौखलाया हुआ है और पिछले कुछ हफ्तों से लगातार सऊदी के तेल और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बना रहा है. फिलहाल पूरे खाड़ी क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है.

