टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के लिए इंग्लैंड की वनडे सीरीज अच्छी साबित नहीं हुई है और दोनों मैच में वो नाकाम रहे हैं.
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मैच में रोहित शर्मा के इंटरनेशनल करियर का भी अंत हो सकता है. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और स्टार ओपनर रोहित शर्मा लॉर्ड्स में 19 जुलाई को होने वाले तीसरे ODI मैच के साथ ही अपने इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच खेलते हुए नजर आ सकते हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI की सेलेक्शन कमेटी ने रोहित को साफ कर दिया है कि वो वर्ल्ड कप 2027 के लिए उनकी योजना का हिस्सा नहीं हैं और ये सीरीज उनके लिए आखिरी होगी.
कार्डिफ में गुरुवार 16 जुलाई को भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे खेला जा रहा था, जिसमें टीम इंडिया पहले बैटिंग करने उतरी थी. इस मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली पर नजरें थी जो पहले मैच में नाकाम रहे थे.
सोफिया गार्डन्स मैदान पर कोहली ने तो दमदार बल्लेबाजी करते हुए एक अच्छा अर्धशतक जमाया लेकिन रोहित 47 गेंदों की पारी में बिल्कुल भी असर नहीं छोड़ सके. पहले मैच की तरह इस बार भी वो अपनी पूरी पारी में संघर्ष करते दिखे और आखिरकार सिर्फ 26 रन बनाकर आउट हो गए.
इस पारी के बाद ही रोहित के करियर पर फिर सवाल उठने लगे और कुछ ही देर में एक रिपोर्ट में ये दावा भी हो गया कि रोहित का करियर अब ज्यादा दिनों का नहीं बचा. इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ये सीरीज रोहित के इंटरनेशनल करियर का आखिरी पड़ाव होगा. रविवार 19 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम में खेला जाने वाला मुकाबला सिर्फ इस सीरीज का ही नहीं, बल्कि रोहित के इंटरनेशनल करियर का भी आखिरी मुकाबला हो सकता है.
रिपोर्ट में BCCI सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि सेलेक्शन कमेटी ने रोहित शर्मा और कोच गौतम गंभीर के साथ बीते हफ्ते बातचीत की और साफ बता दिया कि वो आगे की योजना का हिस्सा नहीं हैं और इंग्लैंड सीरीज के बाद उनका सेलेक्शन नहीं किया जाएगा. सेलेक्शन कमेटी ने रोहित को ये बताया कि वो वर्ल्ड कप 2027 की टीम का हिस्सा नहीं होंगे क्योंकि कमेटी अब यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा मौका देना चाहती है.
इस रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शर्मा ने अपने करियर को आगे बढ़ाने की इच्छा जाहिर की और सीरीज के दौरान BCCI के कुछ अधिकारियों के साथ भी इसको लेकर चर्चा की. सूत्रों के मुताबिक, रोहित अपनी सुधरी हुई फिटनेस के मद्देनजर खेलना जारी रखना चाहते थे. मगर सेलेक्टर्स ने उन्हें ये साफ कर दिया कि इंग्लैंड सीरीज के बाद कमेटी ने आगे बढ़ने का फैसला कर लिया है और करियर का अंत कैसे करना है, ये फैसला रोहित पर ही छोड़ दिया है.

