सरकारी स्कूलों को दिए गए 41 हजार टैब से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के वीडियो हटाए जाएंगे। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के मंत्री जगरनाथ महतो ने सभी टैब से पूर्व मुख्यमंत्री का वीडियो हटाने का आदेश दिया। विभाग ने उनकी स्वीकृति के बाद इससे संबंधित फाइल मुख्य सचिव को भेज दी। तत्कालीन पदाधिकारियों की लापरवाही और अदूरदर्शिता के कारण टैब से वीडियो शामिल कराने का खामियाजा सरकारी स्कूलों के बच्चे ही भुगतेंगे। बताया जाता है कि निर्माण के समय में ही वीडियो शामिल किए जाने के कारण उक्त वीडियो हटाने में प्रति टैब चार हजार रुपये से अधिक खर्च आ सकते हैं। ऐसे में वीडियो हटाने पर ही 16 करोड़ रुपये से अधिक का बोझ राज्य सरकार पर पड़ सकता है। टैब लगभग 13 हजार रुपये की दर से खरीदे गए थे और अब वीडियो हटाने पर प्रत्येक पर चार हजार रुपये से अधिक खर्च हो जाएंगे।

