अयोध्या में 5 अगस्त को राम मंदिर के लिए भूमि पूजन की तारीख तय की गई है। राम मंदिर का भूमि पूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस संबंध में पीएम मोदी के कार्यक्रम का पूरा विवरण भी सामने आ गया है। पीएम मोदी 5 अगस्त को हेलीकॉप्टर से अयोध्या के साकेत महाविद्यालय पहुंचेंगे। जिसके बाद वे रामजन्म भूमि रवाना होंगे । पीएम मोदी करीब 11:30 बजे अयोध्या के राम मंदिर परिसर पहुंचेंगे। जिसके बाद एक घंटे का भूमि पूजन कार्यक्रम होगा। भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री का संबोधन होगा।
ट्रस्ट के अनुसार पहले भूमि पूजा में शामिल होने के लिए 268 लोगों की सूची तैयार की गई थी लेकिन करीब 200 लोगों के नाम पर आखिरी सहमति बनी है। इसमें 50-50 लोगों के ब्लॉक होंगे। जिनमे से एक ब्लॉक देश के बड़े साधु-संत और महंतों का होगा। वहीं एक ब्लॉक बड़े राजनेताओं का होगा, जो राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं। इनमें लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कल्याण सिंह, उमा भारती, साध्वी ऋतंभरा और विनय कटियार जैसे लोग हो सकते हैं।
साथ ही कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हो सकते हैं। एक ब्लॉक उद्योगपतियों, अधिकारियों और दूसरे गणमान्य लोगों का भी होगा।