राजस्थान के अजमेर में शनिवार (28 फरवरी) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा होने जा रही है. इस बीच पीएम की जनसभा में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग भी पहुंच रहे हैं. मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखे होने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी की सभा में पहुंच रहे हैं.
इस दौरान लोग टोपी लगाकर और हाथों में पोस्टर लेकर कार्यक्रम स्थल की तरफ जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. मुस्लिम समुदाय के लोग नारेबाजी भी करते हुए दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान ‘ना दूरी है ना खाई है, मोदी हमारा भाई है’ के नारे लगाए जा रहे हैं.
पीएम की सभा को लेकर मुसलमानों में उत्साह
मुस्लिम समुदाय के लोगों में पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है. इस बीच तमाम बुर्कानशी महिलाएं भी कार्यक्रम में पहुंच रही हैं. कार्यक्रम में आए मुस्लिम समुदाय के लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी बिना किसी भेदभाव के काम करते हैं.
करणी सेना और कांग्रेस कार्यकर्ता नजरबंद
जयपुर समेत राजस्थान के तमाम हिस्सों में करणी सेना और यूथ कांग्रेस के नेताओं को नजर बंद किया गया है. प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में विरोध की आशंका के चलते नजर बंद किया गया है. कुछ लोगों को एहतियातन हिरासत में भी लिया गया है.
लोग प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचकर वहां विरोध या हंगामा न कर सके इसलिए नजरबंद या फिर हिरासत में लिया गया है. करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना को शुक्रवार (27 फरवरी) से ही नजरबंद किया गया है.
सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है. सघन जांच के बाद ही लोगों को एंट्री दी जा रही है. कार्यक्रम को लेकर दो-दो जगह लोगों की तलाशी ली जा रही है. नई दिल्ली में पिछले हफ्ते एआई समिट में हुए हंगामे के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
अजमेर में आज हो रहे प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर कई संगठनों ने पहले ही विरोध का ऐलान किया था. करणी सेना ने यूजीसी के नियमों में बदलाव किए जाने, यूथ कांग्रेस ने जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर और किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर विरोध का ऐलान किया है.
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने आए लोगों के बैनर पोस्टर भी चेक किए जा रहे हैं. साथ ही लोगों ने शर्ट के नीचे काली टीशर्ट तो नहीं पहनी है या उनके पास काला रुमाल तो नहीं है, इसका भी पता लगाया जा रहा है.

