शहर में रविवार को CAA का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने तिरंगा यात्रा निकाल रहे लोगों पर पथराव कर दिया। दोनों पक्षों के बीच करीब 45 मिनट तक जमकर पत्थरबाजी की गई। पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर भीड़ को काबू में किया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। SP खुद निगरानी कर रहे हैं। जबलपुर कलेक्टर भरत यादव ने कहा- स्थिति पूरी नियंत्रण में है। जनजीवन सामान्य कर दिया गया है। सुरक्षा के तौर पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट है।
रविवार दोपहर शहर में CAA के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकाली जा रहा थी। यात्रा आधारताल से रद्दी चौकी तक प्रस्तावित थी। इसी दौरान रास्ते में CAA का विरोध करने वाले भी वहां पहुंच गए और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। विरोध करने वालों ने तिरंगा यात्रा निकाल रहे लोगों पर पथराव कर दिया। इसके बाद तिरंगा यात्रा को रोक दिया गया। रद्दी चौकी की दूसरी तरफ CAA के विरोध में लोग अभी भी प्रदर्शन कर रहे हैं। जबलपुर में CAA के विरोध में दिसंबर में भी जमकर बवाल हुआ था, जिसके बाद 4 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाना पड़ा था। पुलिस ने आज फिर स्थिति को संभालने के लिए बल प्रयोग किया।