US-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध ने सोने और चांदी की कीमत में आग लगा दी है। दोनों कीमती धातु में आज बड़ा उछाल देखने को मिल रहा है। एक्सपर्ट आगे भी तेजी जारी रहने का अनुमान लगा रहे हैं। अगर आप निवेशक हैं तो आपको क्या करना चाहिए?
US-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध ने सोने-चांदी की कीमत में आग लगा दी है। युद्ध के चलते मार्केट में अनिश्चितता बढ़ी है और निवेशक सेफ-हेवन की ओर लौटे हैं, जिससे इन दोनों कीमती धातु में आज जबरदस्त तेजी है। COMEX पर आज सोने का रेट 5,400 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जो 2.50% से ज्यादा की इंट्राडे बढ़त दिखाता है। इसी तरह COMEX चांदी की कीमत भी 96.930 डॉलरप्रति औंस के इंट्राडे हाई को छू गई है।
भारत के MCX पर आज सोने और चांदी के रेट में जबरदस्त उछाल है। सोना का रेट ₹1,65,501 प्रति 10 ग्राम पर खुला और ₹1,67,915 प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे हाई को छू गया, जिससे कुछ ही मिनटों में ₹5,500 प्रति 10 ग्राम से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। इसी तरह, MCX पर आज चांदी का रेट ₹2,78,644 प्रति kg पर खुला और ₹2,85,978 के इंट्राडे हाई को छू गया, जो लगभग 3.75% का इंट्राडे हाई था। अब जब सोने और चांदी में एक बार फिर तेजी लौट आई तो निवेशकों को क्या करना चाहिए? क्या अभी भी खरीदने का मौका है या बेच कर प्रोफिट बुक कर लेना चाहिए? अगर आप एक निवेशक हैं तो क्या करना सही होगा? आइए जानते हैं।
रुपये में कमजोरी से और बढ़ेगी कीमत
ईरान संकट के कारण आज अमेरिकी मुद्रा के खिलाफ रुपया 24 पैसे टूटकर 91.32 प्रति डॉलर पर पहुंच गया है। कमोडिटी एक्सपर्ट का कहना है कि अगर आगे रुपये में और गिरावट आती है तो सोने और चांदी में और बड़ी तेजी देखने को मिलेगी। इसलिए निवेशकों को रुपये की चाल पर नजर रखनी चाहिए।
निवेशकों के लिए एक्सपर्ट की क्या है सलाह?
जहां तक नए निवेशक का सवाला है तो यह पैसा लगाने के लिए सही नहीं है। बाजार में अभी जबरदस्त वोलैटिलिटी है। इसके चलते सोने और चांदी में मूव किसी ओर आ सकता है। इसलिए पैसा लगाने का सही समय नहीं है। जब मिडिल ईस्ट में तनाव कम होगा तो सही लेवल का पता चलेगा। उसके बाद निवेश करना सही होगा। अगर कोई निवेशक पैसा लगाएं तो ईटीएफ के जरिये ही निवेश करें।


