लाख सावधानी के बावजूद कोरोना वायरस से सक्रमित होने के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं। 1 लाख 82 हजार से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। अब उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर सामने आई है। इस खबर के बाद राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ उनकी पूरी कैबिनेट को होम क्वारनटीन कर दिया गया है। आपको बता दें महज एक दिन पहले ही सतपाल महाराज कैबिनेट बैठक में शामिल हुए थे। बता दें कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के अलावा उनकी पत्नी और पूर्व मंत्री अमृता रावत की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, जिसके बाद अमृता रावत को रविवार को ऋषिकेश स्थित एम्स में दाखिल कराया गया था। साथ ही सतपाल महाराज के आवास पर काम करने वाले करीब 17 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है। जिसके बाद उनके संपर्क में आए सभी लोगों को क्वारनटीन किया गया है। वहीं उत्तराखंड के सभी कैबिनेट मंत्रियों के परिवार वालों को भी होम क्वारनटीन किया गया है।
बता दें उत्तराखंड में कोरोना वायरस का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। अब तक यहां मरीजों की संख्या 749 पर पहुंच गई है। बीते रविवार को और 33 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या लगभग 90 हजार तक जा पहुंची है। वहीं मरने वालों की संख्या भी बढ़ी है। अब तक 5164 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही करीब 87 हजार लोग ठीक हो चुके हैं।

