देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को देशभर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस बार के आयोजन की थीम ‘नक्सल मुक्त भारत’ रखी गई है। कार्यक्रम के जरिए देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में योगदान देने वाले सुरक्षा बलों के जवानों को सम्मानित किया जाएगा।
सरदार पटेल की जयंती को हर साल राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने आजादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई थी। इसी योगदान को याद करते हुए इस दिन कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इस बार नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में जुटे सुरक्षा बलों के साहस, समर्पण और बलिदान को विशेष रूप से याद किया जाएगा। ‘नक्सल मुक्त भारत’ की थीम के जरिए देश को नक्सलवाद से मुक्त कराने के संकल्प को भी दोहराया जाएगा।
कार्यक्रम गुजरात के एकतानगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस समारोह में शामिल होंगे। परेड में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और विभिन्न राज्यों की पुलिस टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। खास बात यह है कि नक्सल प्रभावित रहे 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकार भी विशेष प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा 45 एंटी-नक्सल डॉग स्क्वॉड भी परेड का आकर्षण होंगे।
इस आयोजन के जरिए उन जवानों के योगदान को सलाम किया जाएगा, जिन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा और शांति बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।

