बिहार बाढ़ से कराहा रहा है। लोग परेशान हैं, जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। विपक्ष बिहार सरकार पर हमलावर है लेकिन अब सरकार के भीतर से भी विरोध के स्वर आने लगे हैं। बिहार में गठबंधन की साथी बीजेपी के सीनियर नेता गिरिराज सिंह ने बिहार की दशा पर स्पष्ट तौर पर सीएम नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि अगर सरदार को ताली मिलती है तो गाली भी मिलेगी।
गिरिराज सिंह ने कहा कि, ‘नीतीश जी 15 सालों से सत्ता में हैं, इसलिए उन्हें जिम्मेदारी लेनी चाहिए। निश्चित तौर पर ताली सरदार को तो गाली भी सरदार को, यह दुनिया की रीत है।’ बता दें, यह पहली बार नहीं है जब गिरिराज सिंह ने बदइंतजामी को लेकर बिहार सरकार की आलोजनी की हो इसके पहले भी उन्होंने कहा था कि पटना का जलप्रलय प्राकृतिक आपदा नहीं, व्यवस्था की अव्यवस्था और सरकार की चूक है।
उन्होंने ये स्वीकार किया था कि पटना में बाढ़ की वजह से जो जलभराव हुआ उसके लिए जनता नहीं बल्कि एनडीए जिम्मेदार है और हम जनता से क्षमा याचना करेंगे। बता दें, गिरीराज सिंह बेगुसराय से सांसद हैं। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में कहा था कि, ‘मैं बेगूसराय से जनप्रतिनिधि हूं, अगर यहां कुछ नहीं होता है तो कमियों को हम स्वीकारेंगे और जनता से माफी मांगेंगे। एनडीए का हिस्सा होने के साथ पटना में भी बीजेपी के कई सांसद हैं और वहां की जनता ने हमपर विश्वास किया। बाढ के लिए जनता नहीं हम जिम्मेदार हैं। हम जनता से माफी मांगेंगे। मेरी पीड़ा पटना महानगर में बसे हुए लोगों को लेकर है, जिनका सारा सामान बाढ़ की वजह से बर्बाद हो गया। हम पानी निकासी को लेकर सतर्क नहीं हो पाए। अगर हम पहले से तैयार होते तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता।’
इतना ही नहीं गिरिराज सिंह ने पटना की वर्तमान स्थिति का कारण प्राकृतिक आपदा को नहीं बल्कि कुव्यवस्था को ठहराया। वहीं, पश्चिम चंपारण के सांसद और बीजेपी के नवनियुक्त बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा, ‘पटना में जो हुआ है, वह प्रशासनिक विफलता का मामला है। बिहार सरकार को स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए और जो लोग दोषी हों उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
