Gold Price Price Today: अगर आप आज यानी 10 अप्रैल को सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए एक राहत भरी खबर है. घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों ही बाजारों में आज कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है. सोने का भाव 655 रुपये टूटकर 1,52,779 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है. वहीं, चांदी भी पीछे नहीं रही और इसमें 975 रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद यह 2,42,793 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही है.
विदेशी बाजारों का हाल
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि ग्लोबल मार्केट में भी सोने-चांदी की चमक कुछ फीकी पड़ी है. कॉमैक्स पर सोना करीब 0.65% गिरकर 4,787 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है. चांदी में भी लगभग इतनी ही गिरावट है और यह 75.935 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर है.
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
मशहूर ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली की मानें तो सोने की कीमतें साल की दूसरी तिमाही तक स्थिर रह सकती हैं. हालांकि, साल के दूसरे हिस्से में कीमतों में फिर से तेजी आने की उम्मीद जताई गई है. जानकारों का कहना है कि अगर अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में बढ़ोतरी नहीं करता है, तो सोने की मांग फिर से बढ़ सकती है. इसके अलावा, अगर वैश्विक तनाव कम होता है और लोगों का भरोसा करेंसी वैल्यू से डगमगाता है, तो वे निवेश के लिए दोबारा सोने का रुख करेंगे.
सोने की कीमतों पर मंडराते बादल
मिडिल ईस्ट में चल रहा तनाव अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है. इजरायल और लेबनान के बीच संघर्ष और ईरान की सख्त रुख ने बाजार में अनिश्चितता पैदा कर दी है. अगर शांति वार्ता विफल होती है और युद्ध तेज होता है, तो ऊर्जा की कीमतें और महंगाई बढ़ सकती है. ऐसी स्थिति में अमेरिकी फेड को लंबे समय तक ब्याज दरें ऊंची रखनी पड़ सकती हैं. चूंकि सोना रखने पर कोई ब्याज नहीं मिलता, इसलिए ऊंची ब्याज दरों के दौर में निवेशक अक्सर सोने से दूरी बना लेते हैं, जिससे इसकी कीमतों पर दबाव बढ़ता है.
आपके शहर में क्या हैं भाव?
बुलियन मार्केट के ताजा आंकड़ों के अनुसार:
24 कैरेट सोना: 1,51,470 रुपये (प्रति 10 ग्राम)
22 कैरेट सोना: 1,38,840 रुपये (प्रति 10 ग्राम)
18 कैरेट सोना: 1,13,600 रुपये (प्रति 10 ग्राम)
शहरों की बात करें तो चेन्नई में 24 कैरेट सोने का भाव 15,272 रुपये (प्रति ग्राम के हिसाब से) के आसपास है, वहीं कोलकाता, बेंगलुरु और पुणे में यह 15,147 रुपये के स्तर पर बना हुआ है. चांदी की कीमतों में भी पिछले कुछ दिनों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है.

