लोगों मे आक्रोश, कानून व्यवस्था पर उठाये सवाल
पटना मे अपराधियों के हौंसले कुछ ज्यादा ही बढ़ गए हैं, अब तो दिन दहाड़े, बेखौफ्फ़ लोगों पर गोलियां दाग देते हैं। पत्रकार नगर थाना स्थित चित्रगुप्त नगर में पटना नगर निगम के पूर्व वार्ड पार्षद नागेश्वर राय की हत्या उनके घर के दरवाजे पर ही गोली मारकर कर दी। अपराधियों ने वारदात को तब अंजाम दिया जब नागेश्वर शेव करवाकर वापस घर लौट रहे थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बाईपास जाम कर दिया और जमकर बवाल काटा। हत्यारों का सीसीटीवी फुटेज मिल गया है। आक्रोशित भीड़ ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए तथा पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर घंटों हंगामा व आगजनी का दौर चला।
वारदात से कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की तस्वीर सामने आ गई है। सीसीटीवी कैमरे से पीछे की ओर से दिख रहे अपराधी वारदात को अंजाम देकर भागते हुए दिख रहे हैं। बाइक पर दो लोग बैठे हैं। चालक हेलमेट लगाए हुए है। जबकि, एक युवक पीछे बैठा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बवाल शुरू कर दिया। उन्होंने कांटी फैक्ट्री बाईपास पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। उन्होंने सड़क पर आगजनी व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।