भारत-अफगानिस्तान के बीच होने वाली तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है, जिसमें अभिषेक शर्मा को भी जगह मिली है। हालांकि, उनकी टी20 रैंकिंग में गिरावट जारी है। कभी नंबर-1 बल्लेबाज रहे अभिषेक अब नीचे खिसक चुके हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें और पीछे धकेलने की चुनौती पेश कर दी है।
आईसीसी टी20 रैंकिंग में डेवाल्ड ब्रेविस ने मारी जबरदस्त छलांग, नंबर 4 पर पहुंचे
आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में डेवाल्ड ब्रेविस ने छह पायदान की बड़ी छलांग लगाते हुए नंबर-4 पर कब्जा कर लिया है। वहीं, कभी शीर्ष पर रहे अभिषेक शर्मा अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। अभिषेक की रेटिंग 819 और ब्रेविस की 806 है, यानी दोनों के बीच महज 13 अंकों का अंतर है। ऐसे में ब्रेविस जल्द ही अभिषेक को पीछे छोड़ सकते हैं।
साउथ अफ्रीकी टीम खेल रही है त्रिकोणीय सीरीज
डेवाल्ड ब्रेविस इन दिनों साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के बीच खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज में शानदार फॉर्म में हैं। शुरुआती तीन मैचों में उन्होंने 75, नाबाद 75 और 41 रन की पारियां खेली हैं। उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकल चुके हैं, जिसका सीधा फायदा उन्हें आईसीसी टी20 रैंकिंग में भी मिला है।
अभिषेक शर्मा से छिन सकती है नंबर तीन की कुर्सी
अभिषेक शर्मा अब 13 सितंबर से शुरू होने वाली भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज में नजर आएंगे, जबकि उससे पहले ब्रेविस को त्रिकोणीय सीरीज में कुछ और मुकाबले खेलने हैं। ऐसे में ब्रेविस के पास अभिषेक को रैंकिंग में पीछे छोड़ने का मौका है। आने वाले मैच दोनों बल्लेबाजों के लिए अहम होंगे, वहीं अभिषेक को अपनी रैंकिंग बचाने के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ बड़ी पारियां खेलनी होंगी।

