लखनऊ में बैठे-बैठे प्रदेश के सभी परीक्षा केन्द्रों का होगा ऑनलाइन निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को UP BOARD परीक्षा 2020 की ऑनलाइन मॉनीटरिंग के लिए बनाए गए राज्य स्तरीय एकीकृत कंटोल रूम एवं मॉनीटरिंग सेंटर के लाइन रन का शुभारंभ किया। इस एकीकृत कंटोल रूम की स्थापना माध्यमिक शिक्षा परिषद ने माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में 10वीं एवं 12वीं यूपी बोर्ड परीक्षाओं की मॉनीटरिंग के लिए की है। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कंटोल रूम में बैठे-बैठे ही प्रदेश के कई परीक्षा केन्द्रों का ऑनलाइन निरीक्षण भी किया। डिप्टी CM दिनेश शर्मा ने बताया कि इस बार स्वकेन्द्र व्यवस्था पूरी तरह से खत्म कर दी गयी है। नकलविहीन परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए हमने नया प्रयोग किया है। एकीकृत कंटोल रूम के माध्यम से पूरे प्रदेश के परीक्षा केन्द्रों और स्ट्रांग रूम पर 24 घण्टे निगरानी रखी जाएगी।
प्रदेश के हर जनपद में कंट्रोल एवं मॉनिटरिंग सेंटर की स्थापना की गई है। 60 कम्प्यूटर के साथ 60 कर्मियों को तैनात किया गया है। इन कंट्रोल रूम से परीक्षा केन्द्रों की 24 घण्टे निगरानी और मॉनीटरिंग होगी। प्रश्न पत्रों को खोलने की कार्यवाही सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। केंद्रों और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सशस्त्र बलों और पुलिस की मदद ली जाएगी। परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में किसी के भी रुकने पर रोक रहेगी। जिला प्रशासन को 144 लागू करने के निर्देश दिए गए है।
इस बार 4 रंगों में होंगी 10वीं, 12वीं की उत्तर पुस्तिकाएं
डिप्टी सीएम ने बताया बोर्ड परीक्षाओं में कॉपी बदलने की काफी शिकायतें आती हैं। इस समस्या को खत्म करने के लिए इस बार हमने उत्तपुस्तिकाएं 4 रंगों में छपवाई हैं। यह कॉपियां कुछ संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों के लिए छपवाई गई हैं। दो रंग की हाई स्कूल के लिए और दो रंग की कॉपियां 12वीं के लिए छपवाई गयी हैं। इसके साथ कॉपियों को क्रमागत किया गया है। ताकि कॉपी बदले जाने जैसी धांधली पर लगाम लग सके। इन कॉपियों के पैकेट सिले हुए होंगे।

मार्च में परीक्षाएं खत्म, अप्रैल में जारी हो जाएगा परिणाम
डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने बताया कि यूपी बोर्ड 2020 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडियट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी। हाईस्कूल की परीक्षाएं 12 दिनों में पूरी होकर 3 मार्च को खत्म होंगी जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 15 दिन चलेंगी और 6 मार्च को समाप्त होंगी। 10वीं, 12वीं की संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षाएं एक साथ 7,784 केंद्रों पर संपन्न होंगी। सभी परीक्षा केन्द्रों की लाइव मॉनीटरिंग होगी। श्री शर्मा ने बताया कि इस बार हाई स्कूल की परीक्षा में कुल 30,226,07 बच्चे शामिल होंगे। जिनमें 16,607,38 छात्र जबकि 13,618,69 छात्राएं हैं। वहीं इंटरमीडियट में इंटरमीडिएट में कुल 25,845,11 छात्र-छात्राएं शामिल होंगी, जिनमें 14,633,90 छात्र हैं और 11,211,21 छात्राएं हैं। डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि इस बार हमारा प्रयास है कि अप्रैल में परीक्षा परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। जबकि 2017 के पहले यूपी बोर्ड परीक्षाएं 1 माह से अधिक समय में समाप्त होती थी।

व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की संख्या में आई कमी
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा कुल 56,071,18 परीक्षार्थियों में से 55,167,87 बच्चे संस्थागत हैं जबकि 90,331 व्यक्तिगत परीक्षार्थी रहेंगे। डिप्टी सीएम ने कहा कि कक्षा 9 व 11 के छात्र-छात्राओं का आधार नंबर सहित ऑनलाइन पंजीकरण कराने से व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई है। 2017 में ये संख्या 3,53,106 थी। 2020 की यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार बाहरी प्रदेशों के परीक्षार्थियों की संख्या मात्र 5946 है, जबकि 2017 में बाहरी छात्रों की संख्या 1,50,209 थी।
सरकार की सख्ती से परीक्षार्थियों की संख्या में आई कमी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल रोकने के लिए हमने गंभीरता से प्रयास किया है, जिसका परिणाम है कि नकल के मामलों में कमी आई है। वर्ष 2018 की बोर्ड परीक्षा में नकल के 3,233 मामले सामने आए थे। सरकार की सख्ती के चलते वर्ष 2019 में रिकार्ड 6.69 लाख परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा छोड. दी। इन सब के चलते गत वर्ष की अपेक्षा इस बार हाईस्कूल में 1,69,980 और इंटरमीडियएट में 18,658 परीक्षार्थी कम हुए हैं। जो कुल संख्या 1,88,663 है। डाॅ. दिनेश शर्मा ने कहा, पहले केन्द्र निर्धारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव था। जिसके चलते भारी संख्या में परीक्षा केन्द्र बनाए जाते थे। 2017 से पहले प्रदेश में 12 हजार से अधिक केंद्र बनते थे। लेकिन ऑनलाइन केंद्र निर्धारण व्यवस्था के चलते परीक्षा केंद्र कम हो गए।
डिप्टी सीएम ने बताया कि 12वीं में दो प्रश्नपत्रों के स्थान पर एकल प्रश्नपत्र लागू किया गया है। सत्र 2019-20 से माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी की बेबसाइट पर शैक्षिक पंचांग अपलोड किया जा रहा है। 2020-21 की परीक्षा समय सारिणी 8 माह पूर्व 1 जुलाई 2019 को घोषित की जा चुकी है। 2020 की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट 24 अप्रैल को घोषित किया जाना प्रस्तावित है।

