क्रिकेट में समय-समय पर नियम बदलते रहते हैं. कई बार पुराने नियमों को हटाकर नए नियमों को शामिल किया जाता है. एक बार फिर ऐसा हुआ है. इस बार क्रिकेट के 73 नियम बदल दिए गए हैं. टेस्ट क्रिकेट में अब तक लास्ट ओवर में अगर विकेट गिरता था तो दिन का खेल वहीं खत्म कर दिया जाता था. नया बल्लेबाज बैटिंग करने नहीं आता था, लेकिन अब यह नियम भी बदल दिया गया है. इसके अलावा लेमिनेटेड बैट को भी सशर्त मंजूरी दी गई है. ये नए नियम 1 अक्टूबर, 2026 से लागू होंगे.
टेस्ट मैच के आखिरी ओवर का नियम बदला
अभी तक टेस्ट क्रिकेट में जब दिन का लास्ट या सेकेंड लास्ट ओवर चल रहा होता है, और विकेट गिर जाता है तो फिर दिन का खेल वहीं पर खत्म कर दिया जाता है. नए बल्लेबाज को उस समय नहीं भेजा जाता है. पर अब MCC यानी मेरिलबोन क्रिकेट क्लब ने इस नियम को बदल दिया है. एमसीसी ने एक बयान में कहा कि समय बचाने के लिए ऐसा किया जाका रहा है, लेकिन इससे समय नहीं बचता है, क्योंकि अगले दिन बची ही गेंदों को फेंका जाता है. पर इससे खेल का रोमांच कम होता है, क्योंकि नया बल्लेबाज मुश्किल परिस्थिति का सामना करने से बच जाता है. अब नए नियम के तहत अगर कंडीशंस ठीक हैं तो लास्ट ओवर भी पूरा किया जाएगा और विकेट गिरने पर नए बल्लेबाज को उतरना होगा.
ओवरथ्रो और डेडबॉल में भी हुआ बदलाव
एमसीसी ने अब ओवरथ्रो और मिस्फील्ड के बीच अंतर को और भी साफ कर दिया है. अब नए नियम के हिसाब से ओवरथ्रो सिर्फ तभी माना जाएगा, जब कोई खिलाड़ी विकेट की तरफ गेंद फेंकेगा और वो गेंद आगे निकल जाएगी. वहीं अगर कोई खिलाड़ी बाउंड्री को पास गेंद रोकने की कोशिश करता है और गेंद उसके हाथ से निकल जाती है तो इसे मिस्फील्ड माना जाएगा.
अब डेडबॉल के लिए भी यह जरूरी नहीं रहेगा कि गेंद विकेटकीपर या गेंदबाज के हाथ में ही हो. अगर गेंद मैदान पर कहीं भी रुक गई और अंपायर को लगा कि बल्लेबाज रन नहीं ले सकता है तो फिर वो गेंद को डेड बॉल घोषित कर सकता है.
इस तरह के बैट को भी मिली मंजूरी
अब दो से तीन लकड़ी को जोड़कर बने बैट को भी मंजूरी मिल गई है. इस तरह के बैट सस्ते होते हैं, क्योंकि इन्हें दो या तीन लकड़ी के टुकड़ों को जोड़कर बनाया जाता है. ये सिंगल पीस की लकड़ी से बने बैट की तुलना में सस्ते होते हैं. एमसीसी ने ओपन एज क्लब क्रिकेट में इस तरह के बैट के इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है.
हिट विकेट के नियम को किया गया साफ
अगर बल्लेबाज विपक्षी टीम के किसी खिलाड़ी से टकराकर स्टंप्स पर गिर जाता है तो फिर उसे हिट विकेट नहीं दिया जाएगा. वहीं शॉट खेलते हुए अगर बल्लेबाज के हाथ से बैट छूट जाता है और वो स्टंप पर जाकर गिरता है तो फिर उसे आउट माना जाएगा.
MCC बनाता है क्रिकेट के नियम
आपको बता दें कि एमसीसी ही क्रिकेट के नियम बनाता है. यह एक प्राइवेट क्लब है, जिसकी स्थापना 1787 में लंदन में हुई थी. आईसीसी के बनने के बाद भी एमसीसी ही क्रिकेट के नियम बनाता है. इसमें एक समिति होती है. इस समिति के सदस्य ही क्रिकेट के नियमों को तय करते हैं.

