चीन के वुहान से दुनिया के तकरीबन सभी देशों में फैल चुके Coronavirus का कहर भारत में भी लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक देश में कोरोना के मरीजों की संख्या 400 के पार पहुंच गई है। पिछले दो दिनों में कोरोना के 137 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, मरने वालों की भी संख्या चार से बढ़कर सात हो गई है। रविवार को मौत का नया मामला महाराष्ट्र, बिहार और गुजरात से सामने आया है। महाराष्ट्र में मृतकों की संख्या दो हो गई है। अब तक दिल्ली, कर्नाटक और पंजाब में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। 24 अन्य को इलाज के बाद छुट्टी दे गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, महाराष्ट्र में अब तक 74 मामले सामने आ चुके हैं। इसके बाद केरल में 52 मामले में हैं जिनमें सात विदेशी नागरिक शामिल हैं। दिल्ली में 30 लोग संक्रमित पाए गए हैं जिनमें एक विदेशी शामिल है जबकि यूपी में एक विदेशी समेत 27 मामले सामने आए। तेलंगाना में 11 विदेशियों समेत संक्रमण के 22 मामले आए हैं जबकि राजस्थान में 24 मामले मिले हैं। हरियाणा में 21 मामले जिनमें से 14 विदेशी हैं। कर्नाटक में 26 लोग वायरस से संक्रमित पाए गए। पंजाब में 21 और लद्दाख 13 संक्रमित पाए गए हैं।

