कोरोना वायरस के कहर के बीच डॉक्टरों ने प्लाजमा थेरेपी को बहुत कारगर बताया है। प्लाजमा थेरेपी के जरिए देश में एक मरीज ठीक भी हो चुका है वहीं अन्य की हालत में भी तेजी से सुधार देखने को मिल रहा है। इसी बीच खबर है कि कोरोना को मात दे चुकीं सिंगर कनिका कपूर ने कोरोना संक्रमित अन्य मरीज़ों के इलाज के लिए अपना प्लाज़मा डोनेट करने की बात कही है। लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि हाल ही कोरोना वायरस से ठीक हो चुकी सिंगर कनिका कपूर ने अस्पताल प्रशासन से अपना प्लाजमा डोनेट करने की पेशकस की है।
आपको बता दें कि पिछले महीने लंदन से लौटी कनिका कपूर का कोरोना टेस्ट पॉज़िटिव आया था जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं इस मामले पर कनिका कपूर पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगा था और कई धाराओं में मामला भी दर्ज किए गए थे। इसी सिलसिले में कनिका कपूर को 30 अप्रैल की सुबह 11 बजे सरोजनी नगर पुलिस स्टेशन में पेश होने का नोटिस दिया गया। कनिका कपूर फिलहाल एसजीपीजीआई से डिस्चार्ज होने के बाद होम क्वॉरन्टीन में है, और उन्होने अन्य संक्रमित मरीजों के लिए खुद का प्लाजमा डोनेट करने की बात कही है।
आपको बता दे, प्लाज्मा थैरेपी में कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक हो चुके मरीजों के खून से प्लाज्मा निकालकर दूसरे कोरोना वायरस संक्रमित रोगी को चढ़ाया जाता है। दरअसल संक्रमण से ठीक हुए व्यक्ति के शरीर में उस वायरस के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता बन जाती है और 3 हफ्ते बाद उसे प्लाज्मा के रूप में किसी संक्रमित व्यक्ति को दिया जा सकता है ताकि उसके शरीर में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने लगे। प्लाजमा थेरेपी अन्य कई संक्रामक बीमारी में भी कारगर साबित हो चुका है, और कोरोना वायरस में भी काफी कारगर साबित हो रहा है।
प्लाज्मा संक्रमण से ठीक हुए व्यक्ति खून से अलग कर निकाला जाता है. एक बार में एक संक्रमण से ठीक हुए व्यक्ति के शरीर से 400ml प्लाज्मा निकाला जा सकता है. इस 400ml प्लाज्मा को दो संक्रमित मरीजों को दिया जा सकता है.

