राज्य में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव संभावित है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को पार्टी की बिहार इकाई के नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें संगठन और विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई।
Congress Leaers Strategy For Bihar Assembly Polls: कांग्रेस नेतृत्व और पार्टी की बिहार इकाई के नेताओं की बैठक में मंगलवार को यह फैसला किया गया कि विधानसभा चुनाव में वह इंडिया गठबंधन के अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी और मुख्यमंत्री के चेहरे और सीट बंटवारे के बारे में कोई फैसला सभी साथी दल सामूहिक रूप से लेंगे। बिहार में इंडिया गठबंधन के स्वरूप को महागठबंधन के नाम से जाना जाता है, जिसमें राष्ट्रीय जनता दल सबसे बड़ा दल है। उसके अलावा कांग्रेस, वाम दल और विकासशील इंसान पार्टी भी महागठबंधन में शामिल हैं।
बैठक के 6 अहम प्वाइंट
- बिहार के अध्यक्ष-प्रभारी, वरिष्ठ नेता, विधायक सभी आरजेडी के साथ गठबंधन के पक्ष में।
- सम्मानजनक सीटों के साथ गठबंधन के पक्ष में, सीटों की संख्या पर आज की बैठक में नही हुई चर्चा।
- बैठक में एक मौजूदा सांसद ने कहा, हमें अगर आरजेडी की जरूरत है तो उन्हें भी कांग्रेस का हाथ देगा मजबूती।
- ज्यादातर सिटिंग विधायकों ने राहुल गांधी के सामने कहा कि जनता में ये संदेश जाना ठीक नहीं कि सिटिंग विधायकों का टिकट कटेगा। हमें पार्टी की तरफ से निर्देश मिले ताकि हम क्षेत्र में काम करना शुरू करें।
- गठबंधन में सीट शेयरिंग के लिए 15 दिन के अंदर कमिटी का गठन करेगी कांग्रेस।
- सीट शेयरिंग में कांग्रेस को मिली सीटों पर 2 महीने पहले उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाए।
अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव
राज्य में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव संभावित है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को पार्टी की बिहार इकाई के नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें संगठन और विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में हुई इस बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार, पूर्व अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, वरिष्ठ नेता मीरा कुमार और तारिक अनवर तथा कई अन्य नेता शामिल हुए। हाल ही में राजेश कुमार को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने अखिलेश प्रसाद सिंह का स्थान लिया है। खरगे ने एक्स पर पोस्ट किया, बिहार में बदलाव की बयार बहने लगी है। बिहार की जनता विकास, सामाजिक न्याय और अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। भर्ती परीक्षा में धांधली, पेपर लीक और बेरोजगारी से युवाओं में भयंकर नाराज़गी है।

