उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं का संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि चाइनीज मांझे से मौत अब हादसा नहीं, हत्या मानी जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और स्टॉक पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए. उन्होंने पुलिस को छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं और कहा है कि प्रतिबंध के बावजूद यह जानलेवा मांझा बाजारों में उपलब्ध कैसे हो रहा है.
वहीं मुख्यमंत्री योगी ने कहा है कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को गंभीर अपराध की श्रेणी में लिया जाए और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्होंने पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर अवैध मांझा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है. इस संबंध में प्रदेशव्यापी कार्रवाई की उच्च स्तर पर समीक्षा भी की जाएगी.
बता दें कि हाल ही में लखनऊ में चाइनीज मांझे से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. हैदरगंज पुल पर पतंग की डोर की चपेट में आने से एक युवक की गर्दन गंभीर रूप से कट गई. घायल युवक को तत्काल ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
खतरनाक मांझे की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने की मांग
मृतक की पहचान शोएब के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शोएब अपने परिवार का इकलौता बेटा था और मेहनत-मजदूरी कर घर का खर्च चलाता था. इस हादसे के बाद परिवार सदमे में है और इलाके में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है. स्थानीय लोगों ने खतरनाक मांझे की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है. लगातार हो रही घटनाओं के चलते एक बार फिर चाइनीज मांझा आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. प्रशासन अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके.

