Bihar Budget 2026-27: बिहार विधानसभा में मंगलवार (03 फरवरी, 2026) को वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया. बिहार के बजट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह विकसित बिहार का संकल्प पूरा करने वाला बजट है. उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर आधारित इस बजट में सभी क्षेत्रों तथा किसानों, उद्यमियों, युवाओं एवं महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है. यह संपूर्ण, समावेशी एवं विकास को बढ़ावा देने वाला बजट है.
सीएम ने कहा कि इस साल बिहार का बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक का है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार की विकास दर 14.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है.
‘सात निश्चय-3 को पूरा करने में मददगार साबित होगा यह बजट’
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह बजट हमारी सरकार द्वारा लागू किए गए सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को पूरा करने में काफी मददगार साबित होगा. हम लोगों ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है. राज्य में वित्तीय संसाधनों का उचित प्रबंधन कर युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है.”
दूसरी ओर नीतीश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर घर की एक महिला को रोजगार के लिए दो लाख रुपये की सहायता के लिए भी प्रावधान किया गया है. राज्य में उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है. यह बजट प्रत्येक परिवार को अवसर प्रदान करने, प्रत्येक युवा के कौशल विकास और महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्यों को पूरा करेगा.
केंद्र सरकार का भी मिल रहा पूरा सहयोग: सीएम
सीएम ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि में हमारे प्रयास से हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रावधान भी इस बजट में किए गए हैं. बिहार बजट 2026-27 राज्य की अर्थव्यवस्था के विकास की गति को तेज करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा. उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है. अगले कुछ वर्षों में बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सकेगा.

