छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। आरा पहाड़ से टकराकर एक चार्टर्ड विमान क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान के पायलट और को-पायलट की मौत की पुष्टि हुई है। विमान में और कोई यात्री मौजूद थे या नहीं, प्रशासन इसकी जानकारी जुटा रहा है।
बताया जा रहा है कि चार्टर्ड विमान आरा पहाड़ के ऊपर से गुजर रहा था, तभी वह पहाड़ की चोटियों से जा टकराया। टक्कर के बाद विमान के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में घटनास्थल का मंजर देखा जा सकता है।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और SSP लाल उम्मेद सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
हवा में साढ़े तीन घंटे तक फंसी रही Fly91 की उड़ान
एक अन्य खबर में, तेलंगाना के हैदराबाद से कर्नाटक के हुबली जा रही क्षेत्रीय विमानन कंपनी फ्लाई91 की एक उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। रविवार को विमान के साढ़े तीन घंटे तक हवा में रहने से यात्री घबरा गए, कुछ यात्री तो रोने लगे और अपनी सुरक्षा के लिए प्रार्थना करने लगे। सूत्रों ने बताया कि अपराह्न करीब तीन बजे हैदराबाद से रवाना हुई यह उड़ान शाम करीब साढ़े चार बजे हुबली पहुंचने वाली थी लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण वहां नहीं उतर सकी।

