चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में पंजाब बीजेपी दफ्तर के बाहर पार्किंग में धमाका हुआ है. ये धमाका बेहद कम इंटेंसिटी का था. फिर भी एहतियातन बम स्क्वायड और फॉरेंसिक टीमों को भी मौके पर बुलाया गया है. चंडीगढ़ पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है. हालांकि, पुलिस ने आधिकारिक तौर पर इस धमाके को लेकर किसी भी एंगल की कोई पुष्टि नहीं की है.
बताया जा रहा है कि बीजेपी दफ्तर के बाहर पार्किंग में हुए धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनी गई. सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. मामले की जांच जारी है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है. आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं.
आखिर किसकी थी स्कूटी?
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, ये धमाका शाम करीब 5 बजे पंजाब बीजेपी मुख्यालय के बाहर एक स्कूटी में हुआ. पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि आखिर ये स्कूटी किसकी थी, किसने यहां पार्क की. उधर, फॉरेंसिक टीम मौके से सैंपल जुटा रही है लेकिन दिनदहाड़े हुई इस घटना से कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
क्या बोले बीजेपी नेता विनीत जोशी?
इस धमाके को लेकर पंजाब बीजेपी नेता विनीत जोशी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि बीजेपी दफ्तर के बाहर इस तरह का विस्फोट होना चिंता की बात है. पंजाब भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय के बाहर इतनी तेज आवाज सुनाई दी, जो हमें विस्फोट लग रहा है. विस्फोट की वजह से पार्किंग में खड़ी और वहां से गुजरने वाली गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं. पुलिस मौके पर पहुंच गई है.

