बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय चुनाव संचालन समिति की दिल्ली में हुई बैठक के बाद रविवार को BJP ने दूसरे चरण के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। देश की राजधानी में शनिवार की शाम जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद थे। दूसरे चरण के लिए बीजेपी की ओर से जारी सूची में कई विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। इसमें केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के बेटे का भी नाम शामिल है। वहीं पटना शहर की सभी 5 विधानसभा में BJP ने अपने विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है।
जिन विधायकों का टिकट कटा है इनके पीछे वजहें कई बताई जा रही हैं। इसमें जदयू के साथ सीट शेयरिंग के अलावा मौजूदा विधायकों के प्रति पार्टी की नाराजगी सबसे अहम कारण है। इसके अलावा सांसदों के दबाव में भी पार्टी ने कई विधायकों की छुट्टी की है। यही नहीं, कुछ के पीछे क्षेत्र में नाराजगी भी अहम कारण बना है। हालांकि यह सबसे अहम वजह नहीं है। आधा दर्जन से अधिक विधानसभा क्षेत्र ऐसे भी जहां पूरी तरह संगठन और जनता की नाराजगी होने के बावजूद पार्टी ने विधायकों पर भरोसा जताया है।