नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और NRC के खिलाफ शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन को लेकर BJP के नेताओं की ओर से लगातार विवादित और भड़काऊ बयान दिए जा रहे हैं। इस बीच अब उत्तर प्रदेश में सरधना से BJP विधायक संगीत सोम ने कहा है कि भड़काऊ भाषण देने वाले शर्जील इमाम जैसे लोगों को चौराहे पर गोली मार देनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शाहीन बाग में धरन पर बैठीं महिलाओं को जेल भेज देना चाहिए।
संगीत सोम ने कहा, ‘’CAA के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के लिए शाहीन बाग पिकनिक स्पॉट बन गया है। इन सब लोगों को विपक्षी पार्टियां प्रदर्शन करने के लिए 500 रुपए घंटा के हिसाब से पैसे दे रही हैं। इन लोगों को विदेशों से भी फंडिंग की जा रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘’जो भी महिलाएं धरने पर बैठीं हैं, उन्हें काम-धाम नहीं हैं। धरना कर रहीं सब महिलाओं पर केस दर्ज कर जेल भेज देना चाहिए।’’
भड़काऊ भाषण देने के आरोप में गिरफ्तार किए गए शर्जील इमाम को लेकर संगीत सोम ने कहा, ‘’ये लोग हिंदुस्तान को बांटने की बात करते हैं। शर्जील इमाम जैसों को चौराहे पर फांसी पर लटाकर गोली मार देनी चाहिए।’’ जामिया फायरिंग पर उन्होंने कहा, ‘’देश में जगह-जगह लोग अराजकता फैला रहे हैं और ये भी उन्हीं लोगों की चाल है। फायरिंग करने वाला युवक भी उन्हीं में से निकलकर सामने आएगा।’’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से PM नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी पर संगीत सोम ने कहा, ‘’राहुल गांधी को CAA से इसलिए डर लग रहा है, क्योंकि उनको अपनी खुद की नागरिकता जाने का डर है। शायद उनके पास भी हिंदुस्तान की नागरिकता के लिए कोई मान्य डॉक्युमेंट्स नहीं हैं।’’