बिहार विधान परिषद में लोजपा की इकलौती विधान पार्षद और राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री नीरज कुमार बबलू की पत्नी नूतन सिंह ने BJP का दामन थाम लिया। नूतन के BJP में आते ही परिषद में अब लोजपा का प्रतिनिधित्व शून्य हो गया। नूतन के LJP से BJP में शामिल होते ही विधान परिषद में अब पार्टी के 21 विधान पार्षद हो गए। हालांकि अब भी JDU सबसे बड़ी पार्टी है। उसके 23 सदस्य हैं।
प्रदेश BJP अध्यक्ष सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने नूतन को प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई और कहा कि इनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। मौके पर रिटायर्ड IAS उदय प्रताप सिंह ने भी BJP का दामन थामा। बता दें नीरज कुमार बबलू बॉलवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई हैं।
गौरतलब है कि 18 फरवरी 2021 को LJP से पहले ही बागी हो चुके प्रदेश महासचिव केशव सिंह के नेतृत्व में LJP के पांच महासचिव, दो प्रकोष्ठ अध्यक्ष, कई जिलाध्यक्ष समेत कुल 208 नेताओं ने JDU का दामन थाम लिया। अकेले हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के 77 नेता JDU में शामिल हुए। आरसीपी सिंह ने LJP से आने वालों का स्वागत करते हुए कहा था कि JDU समाजवादी विचारधारा पर चलने वाली देश की एकमात्र पार्टी है, जिसमें परिवारवाद और वंशवाद की कोई जगह नहीं। अगर आप में प्रतिभा है, आप दल के प्रति निष्ठावान हैं और मेहनत से काम करते हैं तो जदयू में किसी भी पद को पा सकते हैं। भरोसा दिलाया कि सबको JDU सम्मान देगा।
LJP से आए नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान पर जमकर निशाना साधा। रामनाथ रमन ने आरोप लगाया कि चिराग पासवान पंजाबी ठग हैं और पार्टी अब ठगों का गिरोह है। आरोप लगाया कि रामविलास पासवान को दो महीने अस्पताल में बंदी बनाकर रखा गया। इसकी जांच होनी चाहिए। केशव सिंह ने आरोप लगाया कि चिराग देश के सबसे बड़े कॉरपोरेटर हैं। वे आठ कंपनियों के मालिक और 4 ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। इनकम टैक्स चोरी का भी आरोप लगाया। कहा कि वे चिराग के घोटालों का दस्तावेजों के साथ पर्दाफाश करेंगे।