भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने भी SC में नागरिकता संशोधन कानून (CAA)के खिलाफ याचिका दायर की है। चंद्रशेखर ने बुधवार को सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि ये कानून SC/ST एक्ट का उल्लंघन करता है।
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर लगातार इस कानून का विरोध कर रहे हैं और केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं। ऐसे में बुधवार को SC में इसी कानून पर दायर की गई 144 याचिकाओं पर सुनवाई हुई, चंद्रशेखर की याचिका इससे अलग है।
चंद्रशेखर आजाद ने बीते दिनों जामा मस्जिद पर CAA के खिलाफ हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, इसी के बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एक लम्बे अरसे तक वह तिहाड़ जेल में भी रहे, दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें जमानत दे दी है।
चंद्रशेखर को पहले चार हफ्ते के लिए दिल्ली से बाहर रहने का आदेश दिया गया था। लेकिन मंगलवार को ही तीस हजारी कोर्ट ने उन्हें सशर्त दिल्ली आने की इजाजत दी है। चंद्रशेखर को दिल्ली आने से पहले जिस स्थान पर जाना है पहले उन्हें उस थाने के डीएसपी को जानकारी देनी होगी।
बुधवार को SC में नागरिकता संशोधन एक्ट के मसले पर सुनवाई हुई। अदालत में इस कानून के खिलाफ 140 से अधिक याचिकाएं दायर की गई थीं, जिन पर अब चार हफ्ते के बाद सुनवाई की जाएगी। कोर्ट ने केंद्र को 4 हफ्ते में जवाब देने को कहा है और पांचवें हफ्ते में इस पर सुनवाई करेगा।
इतना ही नहीं इसके साथ ही SC ने कई याचिकाओं की अलग कैटेगरी बनाई है। SC में अब असम, पूर्वोत्तर और उत्तर प्रदेश से जुड़ी इन याचिकाओं पर अलग से सुनवाई हो होगी। 5 हफ्ते के बाद होने वाली अगली सुनवाई में सर्वोच्च न्यायालय इस मसले को संविधान पीठ के पास भेजने का फैसला भी ले सकती है।