ईरान ने जबसे होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाई है, तबसे साउथ एशिया और यूरोपीय देशों में पेट्रोल-डीजल और एलजीपी की किल्लत हो गई है. भारत, नेपाल और बांग्लादेश जैसे देशों ने इस संकट से बचने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं, लेकिन पाकिस्तान इस संकट से बच नहीं पाया और वहां स्मार्ट लॉकडाउन लगा दिया गया है. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मुख्ममंत्रियों के साथ बैठक में इसका ऐलान कर दिया है.
पाकिस्तान रेडियो के मुताबिक, शहबाज सरकार ने पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद राजधानी क्षेत्र, गिलगित-बाल्टिस्तान और पीओके में बाजारों, शॉपिंग मॉल और वाणिज्यिक क्षेत्रों को रात 8 बजे बंद करने का फैसला लिया है. यह फैसला इस्लामाबाद में शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में आयोजित एक समीक्षा बैठक में लिया गया. इस बैठक में पेट्रोलियम उत्पादों से संबंधित ऊर्जा बचत और कम से कम इस्तेमाल पर ध्यान केंद्रित किया गया.
शहबाज सरकार ने प्रांतीय सरकार से सलाह पर ये भी फैसला किया है कि खैबर पख्तूनख्वा के संभागीय मुख्यालयों में बाजार और शॉपिंग मॉल रात 9 बजे तक खुले रहेंगे. इसी तरह सभी जनरल स्टोर, डिपार्टमेंटल स्टोर और सभी प्रकार के मॉल रात 8 बजे बंद हो जाएंगे.
मेडिकल और फॉर्मेसी प्रतिबंधों से बाहर
इसके अलावा, बेकरी, रेस्तरां और खाने-पीने की दूसरे दुकानें, मैरिज हॉल, टेंट और अन्य व्यावसायिक जगहें, जहां शादियां और अन्य समारोहों का आयोजन होता है, ये रात 10 बजे के बाद बंद कर दिए जाएंगे. बैठक में निजी संपत्तियों और घरों में रात 10 बजे के बाद शादी समारोह आयोजित करने पर प्रतिबंध लगाने का भी निर्णय लिया गया. हालांकि इन प्रतिबंधों से मेडिकल स्टोर और फार्मेसी को बाहर रखा गया है. यह भी क्लीयर कर दिया गया है कि ये प्रतिबंध मंगलवार से ही लागू कर दिए जाएंगे यानी आज रात आठ बजे से पाकिस्तान में स्मार्ट लॉकडाउन लागू हो जाएगा.
शहबाज सरकार ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी कर दिया फ्री
इसके अलावा शहबाज शरीफ ने ऐलान किया है कि गिलगित और मुजफ्फराबाद शहरों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट एक महीने तक फ्री रहेगा और इसका पूरा खर्चा शहबाज सरकार उठाएगी. इस मीटिंग में डिप्टी पीएम इशाक डार, योजना और विकास मंत्री एहसान इकबाल और सीनियर अधिकारी मौजूद रहे.

