लॉ कालेज की छात्रा के साथ रेप करने के आरोप में लगभग 5 महीने से जेल में बंद रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता स्वामी चिन्मयानंद को जमानत मिल गई है। जमानत पर बाहर आए चिन्मयानंद शनिवार को अयोध्या पहुंचे हैं। जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए।
स्वामी चिन्मयानंद को शुक्रवार को ही अयोध्या पहुंचना था, लेकिन अपनी इस यात्रा को गोपनीय रखते हुए वह देर रात पहुंचे और बाइपास पर एक होटल में रुके। शनिवार सुबह हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद फिर लखनऊ आ गए। चिन्मयानंद जमानत पर रिहा हुए हैं। उनके यहां आने की जानकारी भी कम ही लोगों को थी, जो उनके बेहद करीबी थे उन्ही को ही उनकी यात्रा के बारे में पता था।
हनुमानगढ़ी का दर्शन कर चिन्मयानंद चुपचाप अयोध्या से लखनऊ रवाना हो गए। इस दौरान चिन्मयानंद मीडिया को देखते जल्दी से अपने वाहन में बैठ गए और बिना कुछ बोले चुपचाप वापस आ गए।
जानकारी के अनुसार स्वामी चिन्मयानंद बीते 5 महीने से शाहजहांपुर जेल में बंद थे। उनको इलाहाबाद HC से जमानत मिलने के बाद 4 फरवरी को जेल से रिहा किया गया था। जमानत पर जेल से रिहाई के बाद उसके आश्रम पर पूजा के बाद प्रसाद रूप में सैकड़ों लोगों को भोजन कराया गया था। इतना ही नहीं राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों ने उसकी अगवानी करते हुए सलामी भी दी थी। वह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मुमुक्षु आश्रम पहुंचे थे।
HC से जमानत मंजूर होने के बाद मुमुक्षु आश्रम में पूजा अर्चना की गई तथा प्रसाद के रूप में स्वामी चिन्मयानंद के समर्थकों को भोजन भी कराया गया। बुधवार को जेल से रिहाई के बाद चिन्मयानंद ने गुरुवार अपने दोनों कॉलेजों का भ्रमण भी किया।