देश पूरी जोश और उल्लास में अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। लेकिन देश विरोधी तत्वों को यह हजम नहीं हो रहा है। आतंकी इन खुशियों में खलल डालना चाहते हैं। समाचार एजेंसी आइएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक इंटेलिजेंस ब्यूरो (Intelligence Bureau, IB) को ताजा इनपुट मिले हैं कि आतंकी स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) के मौके पर देश की राजधानी दिल्ली समेत कई अन्य शहरों में घातक हमलों को अंजाम दे सकते हैं। आइबी ने इसको लेकर हाल ही में पांच अलर्ट जारी किए हैं।
आइबी की ओर से केंद्रीय एजेंसियों को चेतावनी दी गई है कि आतंकी सोमवार को लाल किले में होने वाले ध्वजारोहण समारोह के दौरान हमले के लिए आईईडी का इस्तेमाल कर सकते हैं। आतंकी ड्रोन के इस्तेमाल का इस्तेमाल करके लाल किले पर हमला कर सकते हैं। ऐसे इनपुट मिलने के बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसी से मिले अलर्ट को देखते हुए लाल किले के आस-पास पतंग समेत उड़ने वाली अन्य सभी वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का सुझाव दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी की ओर से जारी अलर्ट को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जमीनी स्तर पर पर्याप्त इंतजाम किए हैं। महत्वपूर्ण स्थानों पर संदिग्ध वस्तुओं के साथ पतंग पकड़ने वालों को तैनात किया गया है। ये जवान पतंग, गुब्बारों और चीनी लालटेन को समारोह स्थल तक पहुंचने से रोकेंगे। स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) के मौके पर छतों से भी कार्यक्रम स्थल के आस-पास निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए छतों पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है जो पतंग पकड़ने वालों के साथ कोआर्डिनेशन करेंगे।
यही नहीं धार्मिक स्थलों से भी लोगों को 13 से 15 अगस्त तक क्षेत्र में पतंग नहीं उड़ाने का आग्रह किया गया है। यही नहीं ड्रोन सहित मानव रहित उड़ने वाली सभी तरह की वस्तुओं से मुकाबला करने के लिए रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने भी पहलकदमी की है। डीआरडीओ (DRDO) ने स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) से एक दिन पहले ही लाल किले के पास एक ड्रोन रोधी प्रणाली को स्थापित किया है। यह सिस्टम लगभग 4 किमी के दायरे में ड्रोन का पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने की क्षमता रखता है।

