INDONESIA में आई जबरदस्त बाढ़ और भूस्खलन के कारण जकार्ता और आसपास के इलाकों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है। वहीं जल जमाव के कारण शनिवार को हजारों लोग अपने घरों में लौटने में असमर्थ हैं। नए साल से एक दिन पहले हुई भारी बारिश के बाद से बाढ़ के कारण राजधानी में कई इलाके जलमग्न हो गए और हजारों लोग बेघर हो गए। अधिकारियों ने बताया कि अब भी करीब 1,70,000 लोग अस्थायी शिविरों में रह रहे हैं।
यह 2007 से अब तक की सबसे भयानक बाढ़ है. 2007 में बाढ़ से 80 लोगों की मौत हो गई थी।
इंडोनेशिया में आई अचानक बाढ़ से राजधानी जकार्ता के क़रीब तीन करोड़ लोग बेघर होने की कगार पर हैं। इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि कई लोगों की मौत पानी में करंट लगने की वजह से भी हुई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से आई तस्वीरों में लोग रबड़ ट्यूब के सहारे बाढ़ के पानी को पार करने की कोशिश करते नज़र आ रहे हैं। हालात यह हैं कि लोगों के घरों में जलभराव हो गया है। 18 घंटे की भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। हालात यह हैं कि बाढ़ का पानी 8 फीट तक पहुंच गया है।

