रणवीर सिंह के खिलाफ शुरू किया गया असहयोग आंदोलन अब वापस ले लिया गया है। 25 मई 2026 को FWICE ने फिल्म ‘डॉन 3’ से जुड़े विवाद और निर्माता फरहान अख्तर की शिकायत के बाद यह कदम उठाया था। हालांकि, अब फेडरेशन ने अपना रुख बदलते हुए कहा है कि मामले पर अन्य निर्माता संगठनों के साथ चर्चा जारी है। FWICE ने रणवीर सिंह से विवाद के समाधान में सहयोग करने की अपील की है और यह भी स्पष्ट किया है कि उनके लीगल नोटिस का जवाब कानूनी प्रक्रिया के तहत दिया जाएगा।
क्या है FWICE का कहना?
FWICE ने इंडस्ट्री में बेहतर तालमेल और एकता को प्राथमिकता देते हुए रणवीर सिंह के खिलाफ जारी असहयोग निर्देश वापस लेने का फैसला किया है। फेडरेशन ने अपने बयान में कहा कि वह लंबे समय से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों, टेक्नीशियनों और कामगारों के हितों की रक्षा करता आया है। संगठन का उद्देश्य हमेशा इंडस्ट्री में निष्पक्षता, अनुशासन और सामूहिक हितों को बढ़ावा देना रहा है, साथ ही यह सुनिश्चित करना भी कि उसके सदस्यों की आवाज को उचित सम्मान मिले।
क्यों खत्म किया गया रणवीर सिंह से विवाद?
FWICE ने कहा कि इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के हस्तक्षेप और आपसी चर्चाओं के बाद यह महसूस किया गया कि मामले का समाधान सौहार्दपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए। फेडरेशन के मुताबिक, इंडस्ट्री में एकता और बेहतर संबंध बनाए रखने के लिए विवादों को बातचीत और आपसी समझ के जरिए सुलझाना जरूरी है। इसी सोच के तहत रणवीर सिंह के खिलाफ जारी असहयोग निर्देश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का फैसला किया गया है।
फिल्म में इंडस्ट्री में एकता बनाए रखने का उठाया मुद्दा
FWICE ने कहा कि रणवीर सिंह से जुड़े मामले पर लिया गया फैसला व्यापक विचार-विमर्श और इंडस्ट्री के हितों को ध्यान में रखकर किया गया है। फेडरेशन के मुताबिक, मनोरंजन जगत आपसी सम्मान, सहयोग और एकजुटता की भावना पर आगे बढ़ता है, इसलिए सभी पक्षों के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। संगठन ने इस विवाद को सुलझाने में अहम भूमिका निभाने के लिए इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन और उसके नेतृत्व, खासकर अभय सिन्हा के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।
इन फिल्मों में दिखेंगे रणवीर सिंह
वर्कफ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह आने वाले समय में फिल्म ‘प्रल्य’ में दिखाई देंगे। इसके अलावा वह निर्देशक आदित्य धर के साथ भी एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। रणवीर की पिछली रिलीज ‘धुरंधर 2’ रही, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो गई।
