पंजाब में हालिया बम धमाकों को लेकर सियासत तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई के उपाध्यक्ष फतेहजंग सिंह बाजवा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला करते हुए विवादित बयान दिया है.
उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है, उन्हें इसकी जांच करानी चाहिए. पूरे पंजाब और विपक्ष की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन जिस तरह वे बयान दे रहे हैं और बीजेपी पर ही धमाकों का आरोप लगा रहे हैं, वह गंभीर है. आप पंजाब के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री भी हैं, तो सच्चाई जनता के सामने क्यों नहीं लाते?’
दरअसल, पंजाब में अमृतसर और जालंधर में हुए बम धमाकों के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री आनंदपुर साहिब से बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि ‘ये बम धमाके बीजेपी की चुनावी तैयारी का हिस्सा हैं. छोटे-मोटे ब्लास्ट कर लोगों को डराकर वोट लेने की कोशिश की जा रही है. जहां चुनाव होते हैं, वहां दंगे कराना बीजेपी का स्टाइल है.’ उन्होंने बीजेपी को ऐसी राजनीति से बाज आने की नसीहत भी दी.
वहीं पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी इन धमाकों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि ये धमाके जानबूझकर कराए जा रहे हैं ताकि राज्य में ध्रुवीकरण हो और राजनीतिक फायदा उठाया जा सके. उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दोनों को ही इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार ठहराया.
पुलिस ने क्या कहा?
इधर, मामले की जांच कर रही पंजाब पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है. डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर में दो लो-इंटेंसिटी ब्लास्ट हुए हैं और पूरे इलाके को सैनिटाइज कर दिया गया है. फोरेंसिक टीम मौके पर साक्ष्य जुटा रही है और जांच जारी है. उन्होंने कहा कि अभी तक किसी संगठन ने इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है, हालांकि एक अन्य घटना को खालिस्तान लिबरेशन आर्मी द्वारा ओन किए जाने की बात सामने आई है, जिसकी पुष्टि की जा रही है. प्रारंभिक जांच में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं.
डीजीपी ने आशंका जताई कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर माहौल बिगाड़ने के लिए पाकिस्तान की आईएसआई की भूमिका हो सकती है, हालांकि पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी. उन्होंने कहा कि पंजाब बॉर्डर स्टेट होने के कारण इसे अस्थिर करने की कोशिशें होती रहती हैं, लेकिन किसी भी प्रॉक्सी वॉर को सफल नहीं होने दिया जाएगा. साथ ही उन्होंने युवाओं को आगाह किया कि वे पैसों के लालच में किसी भी तरह के जाल में न फंसें.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कुछ असामाजिक तत्व पंजाब को अस्थिर दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन राज्य की शांति और कानून-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखा जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

