BJP ने आज (बुधवार को) राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों की लिस्ट जारी कर दी है। इनमें यूपी और पंजाब जैसे वो राज्य भी शामिल हैं, जिनमें कुछ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। उत्तर प्रदेश में प्रभारी के तौर पर विनोद तावड़े को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह प्रभारी बनाया गया है।
पंजाब में डॉ. सतीश पूनिया को बड़ी जिम्मेदारी
वहीं, पंजाब में डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी और अलका गुर्जर को सह प्रभारी बनाया गया है। वहीं, राजस्थान में प्रभारी संजय भाटिया और सह-प्रभारी कविता पाटीदार व कुलजीत चहल बने हैं।
बैजयंत जय पांडा बने महाराष्ट्र के प्रभारी
इसके अलावा, महाराष्ट्र में 1 प्रभारी और 3 सह-प्रभारी बनाए गए हैं। महाराष्ट्र में प्रभारी पद की जिम्मेदारी बैजयंत जय पांडा को दी गई है। साथ ही, सह-प्रभारी अमित मालवीय, सदानंद शेट तनावाडे, कमलजीत सहरावत को बनाया गया है।
हरीश को बिहार-कर्नाटक और स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़-हरियाणा की जिम्मेदारी
साथ ही, बिहार-कर्नाटक में हरीश द्विवेदी को प्रभारी बनाया गया है। वहीं, संगीता यादव और रोहन गुप्ता को सह-प्रभारी बनाया गया है। छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगी और उनके साथ सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू नियुक्त किए गए हैं। स्मृति ईरानी, हरियाणा के प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी भी संभालेंगी।
विनय सहस्त्रबुद्धे दिल्ली के प्रभारी नियुक्त
दिल्ली में डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे को प्रभारी बनाया गया है तो वहीं सह-प्रभारी के रूप में जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शनाबेन जरदोश नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा, गोवा में प्रभारी के रूप में भारती प्रवीण पवार को जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही, अनिल एंटनी, गोवा के सह-प्रभारी होंगे।
गजेंद्र पटेल बने झारखंड के प्रभारी
वहीं, झारखंड में गजेंद्र पटेल को प्रभारी बनाया गया है। साथ ही, सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह सह-प्रभारी होंगे। साथ ही, कर्नाटक के प्रभारी हरीश द्विवेदी होंगे और सह-प्रभारी के रूप में डॉ. कसम वेंकटेश्वरलू को जिम्मेदारी मिली है।
लद्धाख में प्रभारी नियुक्त हुए राजकुमार भाटिया
इसके अलावा, केरलम के प्रभारी एम. नागराजा नियुक्त हुए हैं, जबकि सह-प्रभारी एम. वेंकटेशन बने हैं। वहीं, लद्धाख में प्रभारी राजकुमार भाटिया और लक्षद्वीप में प्रभारी जॉर्ज कुरियन को नियुक्त किया गया है। इससे पहले हाल में कांग्रेस ने भी पंजाब का प्रभारी बदला था। यहां भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को जिम्मेदारी दी गई थी।

