उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला किया है, उन्होंने कहा कि सपा मुखिया से अलग राजनीति की उम्मीद नहीं की जा सकती. ये सोचना ऐसा है जैसे आसमान में भैंस को उड़ाना. आसमान में भैंस उड़ाने की कला केवल सैफई कुनबे को आती है.
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स के जरिए अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया. उन्होंने पोस्ट कर लिखा- ‘जिन्ना को आदर्श मानने वाले और ऑपरेशन सिंदूर में देश के 11 लड़ाकू विमानों के गिरने का देश विरोधी झूठ परोसने वाले अखिलेश यादव जी समाज तोड़क राजनीति करते हैं. एक पर एक चुनाव हारने के बाद उनके पास बचा भी क्या है. सिर्फ महल बचा है, अकूत रुपया पैसा बचा है.
इतना पैसा बचा है कि अखिलेश यादव दस साल पहले मुख्यमंत्री थे लेकिन, जनता की गाढ़ी कमाई को निचोड़कर जुटाए गए धन को खर्च करके किराए के हवाई जहाज से घूमते हैं.
अखिलेश जी की पूरी राजनीति अफवाह बाजी पर आधारित है. यह स्वाभाविक भी है और मैं अखिलेश जी से इससे अलग अपेक्षा भी नहीं करता. झूठ परोसना, अफवाह बाजी करना सबसे आसान है. आप सोचिए कि जिस व्यक्ति की राजनीति ही ट्विटर, एसी और पीसी पर निर्भर हो, उनसे समाज तोड़क अफवाह बाजी से अलग राजनीति की अपेक्षा करना तो मूर्खता ही है.
अखिलेश से अलग राजनीति की अपेक्षा करना भैंसों को आसमान में उड़ाने जैसा है. अखिलेश और उनके लोग कुछ भी कर सकते हैं. आसमान में अपनी भैंसे उड़ा सकते है. अखिलेश आसमान में भैंस उड़ा भी रहे हैं. ओम प्रकाश राजभर जमीन पर भैंस चरा सकता है लेकिन आसमान में भैंस उड़ाने की कला में सैफई कुनबा ही पारंगत है.’
बता दें कि सुभासपा नेता ओपी राजभर अक्सर सपा मुखिया पर तीखे हमले करते रहते हैं. इससे पहले भी उन्होंने सपा अध्यक्ष पर चुनाव जीतने के लिए टोटके करने का आरोप लगाया था और दावा किया था कि किसी ज्योतिषी के कहने पर उन्होंने अपने बाल बढ़ाए हैं.

