पश्चिम बंगाल (West Bengal) में कोविड-19 (Covid-19) से जुड़े प्रतिबंधों को 15 फरवरी तक के लिए बढ़ा दिया गया है। हालांकि इनमें कुछ छूट भी दी गई है। राज्य में ब्रिटेन से आने वाली फ्लाइट्स को अनुमति दे दी गई है। इसके साथ ही दिल्ली और मुंबई से रोजाना आने वाली उड़ानों को भी मंजूरी मिल गई है। कोरोना (Corona) के मामले बढ़ने पर इन दोनों ही जगहों की उड़ानों को तय दिनों के लिए सीमित कर दिया गया था। बंगाल में 3 फरवरी से स्कूल फिर से खोले जाएंगे।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) ने कहा कि जैसे-जैसे कोविड-19 (Covid-19) संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है। हम दिल्ली और मुंबई से प्रतिदिन राज्य में आने वाली फ्लाइट्स को अनुमति दे रहे हैं। इसके अलावा हमने यूके से आने वाली फ्लाइट को भी मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन से आने वाले पैसेंजर्स को एयरपोर्ट पर अनिवार्य रूप से आरटी-पीसीआर टेस्ट कराना होगा।
इससे पहले ओमिक्रॉन संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता से यूके के लिए सीधी उड़ान पर रोक लगा दी थी। वहीं दिल्ली और मुंबई से आने वाली फ्लाइट्स को सप्ताह में सिर्फ 3 बार प्रवेश की अनुमति दी थी।
सीएम ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) ने कहा कि स्कूल (क्लास 7 से 12), कॉलेज और यूनिवर्सिटी 3 फरवरी से फिर से खोले जाएंगे। कक्षा 5वीं से 7वीं के छात्रों के लिए कम्युनिटी स्कूल आयोजित किए जाएंगे।
वहीं राज्य में सभी सरकारी और प्राइवेट ऑफिस, जो कि 50 फीसदी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। अब यह क्षमता बढ़ाकर 75 प्रतिशत की जाएगी। इसके अलावा रेस्टोरेंट, बॉर, सिनेमा हॉल, थियेटर और स्विमिंग पूल भी 75 फीसदी क्षमता के साथ काम कर सकते हैं।
वहीं एंटरटेनमेंट पार्क, चिड़ियाघर और टाइगर रिजर्व को भी फिर से खोलने की अनुमति होगी। वहीं नाइट कर्फ्यू में एक घंटे की और राहत मिलेगी। अब यह 10 बजे की बजाय रात 11 से सुबह 5 बजे तक होगा।
राज्य में सांस्कृतिक और राजनीतिक कार्यक्रम स्टेडियम में 75 फीसदी क्षमता के साथ आयोजित किए जा सकते हैं। जबकि रैली और रोड शो में अधिकतम 200 लोग शामिल हो सकते हैं।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में जनवरी के मध्य में कोविड -19 (Covid-19) मामलों की दैनिक संख्या 24,000 से अधिक हो गई थी, लेकिन पिछले दो हफ्तों में इसमें गिरावट आई है। रविवार को कोरोना (Corona) संक्रमण के 3,427 नए मामले सामने आए और 33 लोगों की मौत हो गई। वही कोविड (Covid) पॉजिटिविटी रेट 36% तक था वह अब घटकर 6% रह गया है।

