IPL के इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैदान पर उतरते समय खास अंदाज में श्रद्धांजलि देगा।एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच के दौरान आरसीबी के खिलाड़ी अपनी बांह पर काली पट्टी बांधेंगे। यह कदम 4 जून को विक्ट्री परेड के दौरान हुई दुखद भगदड़ में जान गंवाने वाले फैंस की याद में उठाया जा रहा है। फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि वह इस हादसे में जान गवाने वाले आरसीबी परिवार के 11 सदस्यों को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करेगी।
श्रद्धांजलि देने के इस खास पहल के तहत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी वॉर्म अप के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे और मैच के समय काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरेंगे। इतना ही नहीं फैंस के सम्मान में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें भी खाली रखी जाएंगी। गौरतलब है कि पिछले साल विक्ट्री परेड के दौरान स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। इस दुखद घटना के बाद सुरक्षा कारणों से यहां ICC Women’s ODI World Cup और KSCA Maharaja Trophy जैसे बड़े टूर्नामेंट को दूसरे स्थानों पर शिफ्ट करना पड़ा, वहीं इस साल भी स्टेडियम में कोई टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला आयोजित नहीं किया गया।
लंबे समय तक अनिश्चितता के बाद आखिरकार इस मैदान पर क्रिकेट की वापसी संभव हो सकी। कर्नाटक सरकार और कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त प्रयासों ने इस मुश्किल चुनौती को आसान बना दिया। सरकार की ओर से है गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के आधार पर कर्नाटक केबिनेट ने फरवरी में ही इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबलों के आयोजन को हरी झंडी दे दी थी।इस फैसले के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। टीम इस सीजन अपने घरेलू मैदान पर 5 मैच खेलेगी और उसके पास मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बाद ट्रॉफी डिफेंड करने वाली तीसरी टीम बनने का सुनहरा मौका भी होगा।
