नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1′ का पहला ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। दो भागों में बनने वाली यह फिल्म 2026 की दिवाली पर रिलीज होगी, जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा। ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के किरदार में नजर आ रहे हैं, वहीं कई पौराणिक पात्रों की झलक भी दिखाई गई है। एक खास दृश्य को लेकर चर्चा तेज है और फैंस रणबीर के डबल रोल को लेकर कयास लगा रहे हैं।
श्रीराम के साथ भगवान परशुराम की भूमिका में भी दिखेंगे रणबीर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘रामायण: पार्ट 1’ में रणबीर कपूर डबल रोल में नजर आएंगे। वह भगवान श्रीराम के साथ-साथ भगवान परशुरा की भूमिका भी निभा रहे हैं। ट्रेलर के एक दृश्य में परशुराम को श्रीराम को भगवान विष्णु का दिव्य धनुष शारंग सौंपते हुए दिखाया गया है, जिसे लेकर फैंस ने रणबीर के दूसरे किरदार की पहचान की। पौराणिक कथाओं में भगवान परशुराम को विष्णु जी का छठा अवतार माना गया है।
सोशल मीडिया पर विजुअल इफेक्ट्स और सीन की चर्चा
रणबीर कपूर के डबल रोल वाले इस सीन को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है। दर्शक फिल्म में श्रीराम और परशुराम के रूप में उनके दोनों अवतारों की तारीफ कर रहे हैं। वहीं, कई यूजर्स ने इस खास दृश्य के विजुअल इफेक्ट्स और तकनीकी प्रस्तुति की भी सराहना की है।
रिलीज के शुरुआती घंटों में मिली डिजिटल पहुंच
‘रामायण: पार्ट 1’ का ट्रेलर ब्रह्म मुहूर्त के समय डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज किया गया। करीब 4 मिनट 9 सेकंड के इस ट्रेलर ने रिलीज के कुछ ही घंटों में यूट्यूब पर 50 लाख से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए। यह आंकड़ा फिल्म को लेकर दर्शकों की बढ़ती उत्सुकता को दिखाता है।
स्टारकास्ट, संगीत और निर्माण पक्ष
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी श्रीधर राघवन और नितेश तिवारी ने मिलकर लिखी है। वहीं, इसके संगीत और बैकग्राउंड स्कोर के लिए हांस जिमर और एआर रहमान जैसे दिग्गज संगीतकार जुड़े हैं।

