देश में Coronavirus के कहर को कम करने के लिए लागू किए गए Lockdown के खत्म होने के बाद Delhi Metro ने अपने संचालन को चाक-चौबंद करने की तैयारी पूरी कर ली है। रोज लाखों की संख्या में मुसाफिरों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने वाली Delhi Metro लॉकडाउन के खत्म होने के बाद अपने संचालन को लेकर सतर्क है। यात्रियों और मेट्रोकर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मुसाफिरों को Metro में सफर करने के दौरान बदले हुए नियम कानूनों का पालन करना होगा।
गुरुवार को CISF द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव के अनुसार, Lockdown के बाद Metro में सफर करने वाले यात्रियों को शारीरिक तलाशी के पहले अपने शरीर से किसी भी धातु की वस्तु को बाहर निकालना होगा। इसके अलावा यात्रिओं को फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा। वहीं, आरोग्य सेतु एप्लिकेशन का उपयोग पास के रूप में किया जाएगा।
प्रस्ताव के अनुसार, यदि किसी मुसाफिर में फ्लू जैसे कोई भी लक्षण दिखाई देते हैं तो उसे यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बता दें कि CISF ने यात्रिओं और रेलकर्मियों की सुरक्षा के लिए गुरुवार को बिजनेस कंटिन्यूटी प्लान प्रस्तुत किया था। इसी प्लान में इन सभी योजनाओं का उल्लेख किया गया है।
CISF की योजना के अनुसार, 160 से अधिक Metro स्टेशनों पर 12 हजार से अधिक जवानों को तैनात किया जाएगा। जो यात्रियों प्रवेश से लेकर निकास तक की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। वहीं, प्रवेश द्वार पर CISF द्वारा यात्रियों को सेनेटाइजर भी दिया जाएगा। थर्मल स्क्रीनिंग में सामान्य ताप वाले यात्रियों को ही Metro स्टेशन में प्रवेश करने दिया जाएगा। जबकि जिस यात्री का तापमान ज्यादा आएगा उसे गेट से ही वापस कर दिया जाएगा।
CISF के महानिदेशक राजेश रंजन ने बताया कि इस योजना को यात्रियों, CISF कर्मियों और DMRC के कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। एंट्री से पहले सभी यात्रियों को बेल्ट या धातु बने सभी सामान को बाहर निकालकर अपने बैग में रखना जरूरी होगा। इस बैग को स्कैनर मशीन की सहायता से जांचा जाएगा। वहीं जिन यात्रियों के पास बैग नहीं होगा उनके लिए ट्रे उपलब्ध कराया जाएगा।
Metro स्टेशन परिसर में यात्रियों को कतार के नियम का सख्ती से पालन करना होगा। सिक्योरिटी स्क्रीनिंग के स्थान से लाइन शुरू होने की दूरी 2 मीटर होगी वहीं, यात्रियों के बीच में कम से कम 1 मीटर की दूरी बनाए रखना अनिवार्य होगा। सभी Metro स्टेशनों पर CISF के दो कर्मी PPE सुरक्षा उपकरण को पहने रहेंगे।
Delhi Metro में प्रतिदिन लगभग 30 लाख के आसपास यात्री सफर करते हैं। इनके स्वास्थ्य और सुरक्षा की जिम्मेदारी CISF और Metro प्रशासन की है। अगर Lockdown के बाद Corona को रोकने के लिए सुरक्षात्मक उपाय न किए गएं तो दिल्ली में यह महामारी फिर से पैर पसार सकती है। वहीं यात्रा कर रहे लोग Corona का कैरियर भी बन सकते हैं।
CISF लॉकडाउन खत्म होने के बाद Corona के संक्रमण को लेकर किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहती। बता दें कि Delhi Metro के सुरक्षा की जिम्मेदारी CISF की है। इसलिए इस अर्धसैनिक बल ने भविष्य की तैयारियों को लेकर प्लान प्रस्तुत किया है।

