लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी एक महिला सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस महिला की पहचान खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा के रूप में हुई है, जिसे गैंग में मैडम जहर के नाम से जाना जाता था. उस पर ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े होने के आरोप हैं. पुलिस के अनुसार, नेहा कथित तौर पर गैंग के सदस्य बॉबी कबूतर उर्फ महफूज की करीबी सहयोगी है. बॉबी कबूतर पर अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़ा होने का आरोप है. जांच एजेंसियों का दावा है कि वह गैंग के लिए हथियारों की खेप मुहैया कराने में शामिल रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, बॉबी कबूतर कथित तौर पर सलीम उर्फ “सलीम पिस्टल” नामक व्यक्ति से हथियार लेता था. सलीम पिस्टल को पहले नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया जा चुका है. जांच एजेंसियों ने उस पर पाकिस्तान की आईएसआई से जुड़े होने के आरोप भी लगाए थे. हालांकि इन आरोपों की न्यायालय में पुष्टि होना बाकी है.
कई चर्चित आपराधिक मामलों में नाम
बॉबी कबूतर का नाम कई चर्चित आपराधिक मामलों में सामने आया है. इनमें पंजाबी गायक Sidhu Moose Wala हत्याकांड, अभिनेत्री Disha Patani के घर के बाहर फायरिंग की घटना और दिल्ली के नादिर शाह हत्याकांड जैसे मामले शामिल बताए जाते हैं. पुलिस के अनुसार, वह विभिन्न गैंगों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने की कड़ी रहा है. स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने बॉबी कबूतर, उसकी गर्लफ्रेंड नेहा और दो अन्य सहयोगियों मोहम्मद राजी खान तथा शाहबाज को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई महिपालपुर फ्लाईओवर के पास की गई. पुलिस का कहना है कि नेहा को ड्रग्स के साथ पकड़ा गया और उससे गैंग के ड्रग्स कनेक्शन को लेकर पूछताछ जारी है.
ब्यूटी पार्लर चलाती थी नेहा
जांच में यह भी सामने आया है कि नेहा उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी और उसी की आड़ में कथित रूप से गैंग की गतिविधियों में शामिल थी. पुलिस के अनुसार, बॉबी और नेहा पिछले सात वर्षों से जुड़े हुए थे. इससे पहले गैंग से जुड़ी एक अन्य महिला सदस्य जोया, जो कथित तौर पर गैंग ऑपरेशन संभालती थी, को भी गिरफ्तार किया जा चुका है और वह फिलहाल जेल में बंद है. मामले की आगे की जांच जारी है.

