मशहूर गायक दलेर मेहंदी से जुड़ा विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से जुड़े संगठन FWICE ने भी इस मामले में दलेर मेहंदी का समर्थन किया है। संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर इस घटना पर चिंता जताई है।
दरअसल, उत्तराखंड के नई टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उनकी परफॉर्मेंस पर सवाल उठाते हुए कार्यक्रम रोक दिया। मंत्री ने गायक पर शराब के नशे में होने का आरोप भी लगाया था।
FWICE का कहना है कि किसी कलाकार की सेहत या प्रस्तुति को लेकर चिंता हो सकती है, लेकिन ऐसे मामलों को सार्वजनिक मंच पर फटकार लगाने के बजाय संवेदनशीलता और पेशेवर तरीके से संभालना चाहिए।
संगठन ने यह भी कहा कि दलेर मेहंदी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से उबर रहे हैं और उनकी हाल ही में सर्जरी हुई थी। ऐसे में पूरी जानकारी के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचना चाहिए।
इस विवाद में गायक मीका सिंह समेत मनोरंजन जगत की अन्य हस्तियां भी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। अब देखना होगा कि इस मामले पर संबंधित मंत्री और उत्तराखंड सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।

