विपक्षी सदस्यों द्वारा लोकसभा में नए पासपोर्ट पर कमल का निशान छापने को लेकर उठाए गए सवाल पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह फर्जी पासपोर्ट का पता लगाने और सुरक्षा मजबूत करने की विशेषताओं का हिस्सा है। इस क्रम में अन्य राष्ट्रीय प्रतीकों का भी बारी-बारी से इस्तेमाल किया जाएगा।
कांग्रेस सदस्य एमके राघवन ने केरल के कोझिकोड में बांटने के लिए आए नए पासपोर्ट पर कमल का निशान होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP के चुनावी चिह्न कमल के साथ यह सरकारी प्रतिष्ठानों का भगवाकरण है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि इन्हें वापस ले और जांच कराए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर कहा कि यह प्रतीक हमारा राष्ट्रीय फूल है और फर्जी पासपोर्ट को पहचानने के लिए सिक्योरिटी फीचर मजबूत करने का एक कदम है। उन्होंने कहा कि सिक्योरिटी फीचर अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के दिशा-निर्देश पर पेश किया गया है। उन्होने कहा कि कमल के अलावा बारी-बारी से देश के अन्य चिह्नों का इस्तेमाल किया जाएगा। अभी यह कमल है और अगले महीने कुछ और होगा। ये प्रतीक चिह्न भारत से जुड़े हैं, जैसे कि राष्ट्रीय फूल और राष्ट्रीय पशु है।
