नीट पेपर लीक मामले को लेकर शुरू हुआ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन उग्र हो गया है। प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़ रहे हैं, जहां उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई है। इस उग्र प्रदर्शन के बीच बड़ी खबर ये भी है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गृह मंत्री अमित शाह से मिलने के लिए पहुंचे हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह के बीच चल रही बैठक
सीजेपी के प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह के बीच बैठक चल रही है। गौरतलब है कि सीजेपी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ही प्रदर्शन कर रही है।
“छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला”: खरगे
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला है। यह सरकार सत्ता में बने रहने के लायक नहीं है।”
CJP प्रवक्ता का दावा- सरकार ने मिलने के लिए बुलाया
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता ने दावा किया है कि सरकार ने उन्हें बैठक के लिए बुलाया है। प्रवक्ता का दावा है कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से उनके प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हो सकती है। सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी।
अभिजीत दीपके ने तोड़ी भूख हड़ताल
सीजेपी के प्रदर्शन के बीच एक और खबर ये भी है कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने अपना अनशन भी खत्म कर दिया है। इससे पहले सोनम वांगचुक ने अपना अनशन खत्म करने के लिए कुछ शर्तें रखी थीं। सोनम वांगचुक अभी भी सफदरगंज हॉस्पिटल में एडमिट हैं।
CJP प्रदर्शनकारी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के नजदीक पहुंचे
CJP प्रदर्शनकारी नारे लगाते हुए संसद के पास, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के नजदीक पहुंचे। संसद में प्रदर्शनकारियों को घुसने से रोकने के लिए सुरक्षा स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
प्रदर्शनकारियों को देखते हुए संसद में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रदर्शनकारियों को देखते हुए संसद में हालात से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। सीआईएसएफ ने गेट नंबर 1 बंद कर दिया है। QRT और सीआईएसएफ की टीम के जवान अपनी पोजीशन लेकर खड़े हैं।
सिसोदिया, आतिशी और संजय समेत तमाम बड़े आप नेता संसद की ओर बढ़ रहे
आप के तमाम बड़े नेता जैसे मनीष सिसोदिया, आतिशी, संजय सिंह समेत तमाम लोग रायसीना रोड पर हैं और आगे पार्लियामेंट की तरफ बढ़ रहे हैं।
15000 से ज्यादा लोगों ने संसद की तरफ कूच किया
15000 से ज्यादा लोगों ने संसद की तरफ कूच कर दिया है। प्रदर्शनकारी संसद से 50 मीटर दूर पहुंचे लेकिन रेल भवन पर रोक दिए गए। आंसू गैस के गोले दागकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा गया है।
दिल्ली में CJP का प्रदर्शन हुआ उग्र
दिल्ली में CJP उग्र प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े हैं।

