Twisha Sharma case: ट्विशा शर्मा की मौत की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सोमवार (1 जून 2026) को मामले की पड़ताल के तहत पूर्व जज गिरिबाला सिंह के घर पर सीन रीक्रिएट किया. जांच एजेंसी ने यह कदम घटनाओं के क्रम को समझने और अब तक दर्ज किए गए बयानों की सच्चाई की जांच करने के लिए उठाया. सूत्रों के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया गिरिबाला सिंह के घर पर की गई, जहां जांच टीम ने घटना के समय मौजूद लोगों की स्थिति और उनकी गतिविधियों को समझने के लिए डमी और बोरों का इस्तेमाल किया. इस दौरान यह जानने की कोशिश की गई कि घटना के वक्त कौन कहां मौजूद था और क्या घटनाक्रम गवाहों के बयानों से मेल खाता है.
ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पूर्व जज गिरिबाला सिंह के घर पहुंची, जहां घटना से जुड़े क्राइम सीन का दोबारा निर्माण किया गया. इस दौरान CBI के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौजूद रही. सूत्रों के अनुसार, करीब दो घंटे तक घर की छत पर सीन रीक्रिएशन का प्रोसेस चल. जांच के दौरान ट्विशा शर्मा की डमी बॉडी का इस्तेमाल किया गया. CBI ने गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह से घटना के समय की परिस्थितियों को दोबारा दिखाने के लिए कहा गया.
कई लोगों से की गई पूछताछ
जांच के दौरान गिरिबाला सिंह ने डमी बॉडी के साथ बेल्ट काटने की प्रक्रिया दिखाई, जबकि समर्थ सिंह ने डमी बॉडी को उठाकर घटनाक्रम को समझाया. CBI ने इस दौरान समर्थ सिंह के अलावा पास में रहने वाले रिश्तेदार स्वराज सिंह को भी बुलाकर पूछताछ की. जांच एजेंसी ने घटनास्थल की हर छोटी-बड़ी बात की जांच की और दोनों आरोपियों से विस्तृत सवाल पूछे. प्रक्रिया पूरी होने के बाद समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को वहां से रवाना कर दिया गया.
CBI ने पूछे कई महत्वपूर्ण सवाल
सूत्रों के मुताबिक, CBI ने गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह से कई अहम सवाल किए. इनमें यह जानने की कोशिश की गई कि ट्विशा को सबसे पहले किसने देखा, उसे नीचे किसने उतारा, पुलिस को सूचना किसने और कब दी, पास के अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया, क्या उस समय ट्विशा जीवित थी और क्या उसे CPR दिया गया था. इसके अलावा जांच एजेंसी ने शरीर पर मिले चोट के निशानों, दहेज से जुड़े आरोपों और कथित आर्थिक लेन-देन के बारे में भी सवाल किए.
गिरिबाला सिंह ने क्या कहा?
पूछताछ के दौरान गिरिबाला सिंह ने दावा किया कि ट्विशा को पर्सनैलिटी डिसऑर्डर था और वह एंजाइटी की समस्या से जूझ रही थी. उन्होंने खुद को निर्दोष बताया.हालांकि, शरीर पर मिले चोट के निशानों के बारे में पूछे गए सवालों का वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सकीं. गिरिबाला सिंह ने यह भी कहा कि ट्विशा अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर काफी परेशान रहती थी और वह बच्चा नहीं रखना चाहती थी. CBI ने जब उनसे पूछा कि घटना के बाद समर्थ सिंह फरार क्यों हो गया था, तो उन्होंने इसे एक गलती बताया.
समर्थ सिंह ने क्या कहा?
समर्थ सिंह ने पूछताछ के दौरान कहा कि वह अपनी पत्नी ट्विशा से बहुत प्यार करता था. उनके अनुसार, घटना वाले दिन सब कुछ सामान्य था.समर्थ ने बताया कि उन्होंने और ट्विशा ने करीब 45 मिनट तक साथ में टहलने के बाद टीवी देखा और खाना खाया था. उनका कहना है कि उस दिन दोनों के बीच कोई असामान्य बात नहीं हुई थी. उन्होंने यह भी कहा कि ट्विशा गर्भावस्था को लेकर मानसिक रूप से परेशान थी. समर्थ के अनुसार, पहले वह बच्चा चाहती थी, फिर नहीं चाहती थी और बाद में गर्भनिरोधक दवा लेने के बाद दोबारा बच्चा चाहने लगी थी. इसी वजह से वह अधिक तनाव में रहने लगी थी.

