गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घटना वस्त्राल इलाके में रामोल-गतराड रोड पर शनिवार (18 जुलाई) को हुई। जानकारी के अनुसार जिस फैक्ट्री में धमाका हुआ। वह अवैध रूप से संचालित थी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज लगभग 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि श्रमिकों के शवों के चिथड़े उड़ गए। घायलों में से 4 को एलजी अस्पताल और 3 को असरवा सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
यह फैक्ट्री वस्त्राल स्थित आरएएफ कैंप के पीछे होने के कारण, धमाके की आवाज सुनते ही कैंप में तैनात जवान तुरंत मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही उन्होंने घायल और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाल लिया। फिलहाल फायर ब्रिगेड की पांच से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा चुकी हैं और कूलिंग की प्रक्रिया जारी है।

