प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में आज कई बड़े फैसले लिए गए हैं। इन फैसलों का असर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों से लेकर किसानों, छोटे कारोबारियों और देश की सांस्कृतिक विरासत तक देखने को मिलेगा। सरकार ने करीब 77 हजार 101 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी है।
पहला बड़ा फैसला नोएडा मेट्रो को लेकर है। एक्वा लाइन का विस्तार सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक किया जाएगा। इस पर करीब 2,390 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 8.449 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में पांच नए स्टेशन बनाए जाएंगे।
दूसरा बड़ा फैसला दिल्ली में युगे युगीन भारत संग्रहालय को लेकर है। नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में बनने वाले इस संग्रहालय पर 3,230 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
तीसरा फैसला किसानों के लिए है। रबी सीजन 2026-27 में खाद सब्सिडी के लिए 62,370 करोड़ रुपये से ज्यादा की मंजूरी दी गई है। चौथा फैसला छोटे कारोबारियों को कर्ज की सुविधा देने के लिए 5,000 करोड़ रुपये के क्रेडिट गारंटी फंड को जारी रखने का है। पांचवां फैसला स्टैंड-अप इंडिया योजना को 2031 तक जारी रखने का है। इससे नए उद्यमियों को आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता मजबूत होगा। इन फैसलों से विकास, रोजगार और कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

