पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर आज बीजेपी अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने जा रही है। कोलकाता में एक भव्य समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करेंगे। बंगाल में बीजेपी अपने संकल्प पत्र में सबसे ज्यादा फोकस अवैध घुसपैठ, महिला सुरक्षा और विकास पर करेगी। इसके साथ ही रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य के मुद्दे पर भी बीजेपी बड़ा ऐलान कर सकती है। किसानों पर भी बीजेपी चुनावी दांव लगा सकती है।
पश्चिमी मेदिनीपुर में चुनावी हुंकार भरेंगे शाह
बीजेपी के संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वो 6 गारंटी भी शामिल हो सकती है जिनका ऐलान एक दिन पहले ही पीएम मोदी ने किया था। वहीं, आज गृहमंत्री अमित शाह पश्चिमी मेदिनीपुर में चुनावी हुंकार भरेंगे। अमित शाह दोपहर 3 बजे डेबरा के बालिचक भजहरि हाई स्कूल मैदान रैली को संबोधित करेंगे। शाह की दूसरी रैली शाम 5 बजे खड़गपुर सदर के अतुलमोनी स्कूल में होगी।
बंगाल को PM मोदी की क्या-क्या गारंटी?
पहली गारंटी: ‘TMC ने भय फैलाया बीजेपी भरोसा कायम करेगी’
दूसरी गारंटी: ‘बीजेपी सरकार में सरकारी सिस्टम सिर्फ जनता के लिए काम करेगी’
तीसरी गारंटी: ‘हर घोटाले, हर करप्शन, बेटियों के साथ अन्याय की हर फाइल खुलेगी’
चौथी गारंटी: ‘हर घोटालेबाज की जगह जेल में होगी चाहे कितना बड़ा मंत्री ही क्यों ना हो’
पांचवीं गारंटी: ‘शरणार्थियों को हर हक मिलेगा और घुसपैठियों को भारत से खदेड़ा जाएगा’
छठी गारंटी: ‘बीजेपी की सरकार बनते ही सांतवां वेतन आयोग लागू होगा’

