Noida International Airport Inauguration

Noida International Airport Inauguration: PM मोदी ने किया जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन, UP को मिला 5वां इंटरनेशनल एयरपोर्ट

Noida International Airport Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन कर दिया। पीएम मोदी ने इसके साथ ही, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने एयरपोर्ट पर MRO (एयरक्राफ्ट मेनटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) फैसिलिटी का शिलान्यास किया। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही, उत्तर प्रदेश को 5वां इंटरनेशनल एयरपोर्ट मिल गया है। इस एयरपोर्ट से सिर्फ नोएडा और ग्रेटर नोएडा ही नहीं बल्कि अलीगढ़, मथुरा, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद के लोगों को भी फायदा मिलेगा।

‘आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं’
पीएम मोदी ने कहा, ‘देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक बन गया है। आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं, पहला- इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य भी मुझे मिला था और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मुझे मिला है। दूसरा- जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रतिनिधि बनाया, सांसद बनाया, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।’
नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम: पीएम मोदी
एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर पीएम मोदी ने कहा, ‘युवाओं को पता है कि यह जो काम हो रहा है, यह नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है। आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।’

पहले किन शहरों के लिए शुरू होंगी सेवाएं
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सबसे पहले मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरू, हैदराबाद जैसे बड़े शहरों के लिए सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। जिसके बाद लखनऊ, अहमदाबाद, पुणे, गोवा, जयपुर जैसे शहरों के लिए भी सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला राज्य बनेगा यूपी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ ही उत्तर प्रदेश, देश का सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला राज्य बन जाएगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर, यूपी में कुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की संख्या 5 हो जाएगी। केरल और तमिलनाडु में अभी 4-4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित हो रहे हैं।
नोएडा से यात्रियों को लेकर कब उड़ेगी पहली फ्लाइट
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के अनुसार, आमतौर पर एयरोड्रोम लाइसेंस जारी होने और फ्लाइट सर्विस के शुरू होने के बीच 45 दिन से लेकर 60 दिनों तक का अंतर होता है। नोएडा एयरपोर्ट को इसी महीने 6 तारीख को एयरोड्रोम लाइसेंस मिला था। इससे ये संकेत मिलता है कि आज उद्घाटन होने के बाद अप्रैल के आखिर में या मई की शुरुआत में यहां से कमर्शियल सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह है। राजेश शर्मा नाम के एक स्थानीय युवक ने कहा, ”आज हमारे क्षेत्र और यहां रहने वाले लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में, जो सौगात इस क्षेत्र को मिलने जा रही है, वो अपने आप में ऐतिहासिक है। ये भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। इससे लोगों को रोजगार मिलेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।”

भारत का ‘जेवर’ बनकर उभरा यूपी का जेवर
योगी ने शुक्रवार को अपने पोस्ट में लिखा, ”नया उत्तर प्रदेश वैश्विक कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के हब के रूप में स्थापित हो रहा है। विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कर-कमलों से कल विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’, जेवर के प्रथम चरण का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। यह एयरपोर्ट आर्थिक प्रगति के नए द्वार खोलने के साथ ही प्रदेश के विकास व समृद्धि यात्रा को नई गति प्रदान करेगा। किसानों के समर्पण से साकार यह परियोजना अब युवाओं को स्वावलंबन के पथ पर आगे बढ़ने की नई दिशा देगी। प्रधानमंत्री जी के यशस्वी मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश का जेवर, भारत का भी ‘जेवर’ बनकर उभरा है। 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से प्रधानमंत्री जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।”

किसानों के समर्पण से संभव हुआ ये विकास
योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र के किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ”इस युगांतरकारी परियोजना को धरातल प्रदान करने वाले हमारे किसान भाइयों को विशेष बधाई, आपके समर्पण से ही यह विकास संभव हुआ है।”

”नए भारत का नया उत्तर प्रदेश”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले एक पोस्ट किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ की विकास यात्रा आज एक और स्वर्णिम शिखर को स्पर्श करने जा रही है। उन्होंने कहा कि जेवर का ये एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे है। यहां से युवाओं के सपने उड़ान भरेंगे, संभावनाएं साकार होंगी और भविष्य नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1